✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
16 अप्रैल से शुरू होगी सेवा, सप्ताह में दो दिन संचालन
गर्मी में यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे का विशेष फैसला
योग नगरी ऋषिकेश–मुजफ्फरपुर के बीच चलेगी आरक्षित विशेष गाड़ी
- सिवान से गुजरते हुए दोनों दिशाओं में ठहराव
- कुल 26 फेरों के लिए 18 कोचों के साथ होगा संचालन
ग्रीष्मकाल में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने विशेष ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। इसके तहत 04314/04313 योग नगरी ऋषिकेश–मुजफ्फरपुर–योग नगरी ऋषिकेश ग्रीष्मकालीन आरक्षित विशेष गाड़ी का संचालन किया जाएगा, जिससे सिवान सहित कई जिलों के यात्रियों को राहत मिलेगी।
रेलवे के जनसंपर्क पदाधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि 04314 योग नगरी ऋषिकेश–मुजफ्फरपुर विशेष गाड़ी 16 अप्रैल से 12 जुलाई तक प्रत्येक गुरुवार एवं रविवार को योग नगरी ऋषिकेश से 15:20 बजे प्रस्थान करेगी। यह गाड़ी हरिद्वार, मुरादाबाद, बरेली, शाहजहांपुर होते हुए अगले दिन सीतापुर, गोंडा, बस्ती, गोरखपुर के रास्ते सिवान पहुंचेगी, जहां इसका समय सुबह 07:05 बजे निर्धारित किया गया है। इसके बाद छपरा और हाजीपुर होते हुए यह गाड़ी 11:20 बजे मुजफ्फरपुर पहुंचेगी।
वापसी में 04313 मुजफ्फरपुर–योग नगरी ऋषिकेश विशेष गाड़ी 17 अप्रैल से 13 जुलाई तक प्रत्येक शुक्रवार एवं सोमवार को मुजफ्फरपुर से 14:00 बजे प्रस्थान करेगी। यह गाड़ी हाजीपुर और छपरा होते हुए सिवान से शाम 18:35 बजे प्रस्थान कर विभिन्न स्टेशनों से गुजरते हुए अगले दिन 11:15 बजे ऋषिकेश पहुंचेगी।
रेलवे प्रशासन के अनुसार, इस विशेष गाड़ी में कुल 18 कोच लगाए जाएंगे, जिनमें वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी का एक, वातानुकूलित तृतीय श्रेणी का एक, शयनयान श्रेणी के दस, सामान्य द्वितीय श्रेणी के चार तथा एसएलआर के दो कोच शामिल होंगे।
इस विशेष ट्रेन के संचालन से गर्मी के मौसम में यात्रियों को काफी सहूलियत मिलने की उम्मीद है, खासकर उत्तर प्रदेश, बिहार और उत्तराखंड के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को इसका सीधा लाभ मिलेगा।

