✍🏽परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ
सिवान : जिला शिक्षा पदाधिकारी ने जिले के विभिन्न प्रखंडों के 72 शिक्षकों से ई-शिक्षा कोष एप पर उपस्थिति दर्ज नहीं करने को लेकर स्पष्टीकरण मांगा है। इसमें दारौंदा प्रखंड के चार शिक्षक-शिक्षिकाएं भी शामिल हैं। चौंकाने वाली बात यह है कि नया प्राथमिक विद्यालय मीराचक के रमेश प्रसाद सिंह, जिनकी मृत्यु 16 जून 2024 को हो चुकी है, उनका भी नाम सूची में शामिल है, जिससे विभागीय लापरवाही उजागर होती है।
24 मार्च को निकाली गई सूची के अनुसार, नया प्राथमिक विद्यालय वृत्ति टोला की सुनीता कुमारी, नया प्राथमिक विद्यालय रामाछपरा के राजीव कुमार शर्मा एवं एमएस बैदापुर की रुखसाना खातून का भी नाम शामिल है, जो या तो मृत हो चुके हैं या त्यागपत्र दे चुके हैं। इस मामले में सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे दो दिनों के अंदर इन शिक्षकों की उपस्थिति की जांच कर विस्तृत प्रतिवेदन सौंपें, ताकि आगे की कार्रवाई की जा सके।
इन प्रखंडों के शिक्षकों पर लगे आरोप:
- आंदर – 3 शिक्षक
- बड़हरिया – 7 शिक्षक
- बसंतपुर – 3 शिक्षक
- भगवानपुर हाट – 6 शिक्षक
- दरौली – 2 शिक्षक
- गोरेयाकोठी – 6 शिक्षक
- महाराजगंज – 2 शिक्षक
- मैरवा – 3 शिक्षक
- पचरुखी – 1 शिक्षक
- रघुनाथपुर – 2 शिक्षक
- सिसवन – 12 शिक्षक
- सिवान सदर – 2 शिक्षक
- लकड़ी नबीगंज – 6 शिक्षक
- हसनपुरा – 6 शिक्षक
- नौतन – 3 शिक्षक
- जीरादेई – 2 शिक्षक
इन 72 शिक्षकों पर एक बार भी ई-शिक्षा कोष एप पर उपस्थिति दर्ज नहीं करने का आरोप है, जो कि विभागीय नियमों का उल्लंघन है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जांच के बाद आवश्यक विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

