✍🏽परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ
सिवान: ईमारत-ए-शरिया का प्रतिनिधि सम्मेलन 28 नवंबर को स्टेशन रोड स्थित एक होटल में आयोजित किया जाएगा। इस संबंध में ईमारत-ए-शरिया के प्रतिनिधियों ने शहर के एक होटल में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान जानकारी दी। ईमारत-ए-शरिया के सहायक सचिव मौलाना अहमद हुसैन कासमी मदनी ने बताया कि यह सम्मेलन संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने और राष्ट्रीय व सामुदायिक मुद्दों के समाधान के लिए आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ईमारत-ए-शरिया इस तरह के कार्यक्रम हर जिले में आयोजित कर रही है, ताकि समुदाय के कार्यों को व्यावहारिक रूप दिया जा सके।
मौलाना मदनी ने बताया कि पिछले एक महीने से ईमारत-ए-शरिया के प्रचारक जिले के विभिन्न गांवों में जाकर लोगों से इस सम्मेलन में शामिल होने की अपील कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती और व्यवहारिक जागरूकता को लेकर लोगों में काफी रुचि देखी जा रही है।

