✍🏽परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ
प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की स्थानीय शाखा मखदुम सराय महावीरी पथ में मंगलवार को नारी सशक्तिकरण पर एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें लगभग तीन सौ महिलाओं ने भाग लिया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए माउंट आबू से पधारी राजयोगिनी ब्रह्माकुमारी उर्मिला दीदी ने नारी शक्ति के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भगवान स्वयं ‘वंदे मातरम्’ कहते हैं, जो नारी की शक्ति और महिमा को दर्शाता है।
उर्मिला दीदी ने कहा, “नारी को आदिकाल से शक्ति का प्रतीक माना जाता है। वह अपने प्रेम, वात्सल्य, करुणा और साहस से असंभव को भी संभव बना देती है। नारी का चेहरा और उसकी मुस्कान कई लोगों के दुख हर लेती है। अपने त्याग, आत्मविश्वास और दूरदर्शी बुद्धिमत्ता से वह समाज के हर वर्ग को बल प्रदान करती है।”
कार्यक्रम में नगर परिषद सभापति सेंपी देवी, मोनिका आनंद, सुनिता जायसवाल, आरती आलोक वर्मा, डॉ. अनीता श्रीवास्तव, नीलम दीदी, सोनी देवेंद्र गुप्ता और वैष्णवी देवी सहित कई अन्य महिलाओं ने भाग लिया। सभा का संचालन बीके रिंकी बहन ने किया।

