✍परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ
राष्ट्रीय पोषण अभियान के तहत सिवान जिले के विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों पर गर्भवती महिलाओं के लिए गोदभराई कार्यक्रम आयोजित किया गया। नगर पंचायत बसंतपुर के नगौली मियां टोली स्थित केंद्र कोड संख्या 37, 96 और 112 पर महिला पर्यवेक्षिका श्वेता कुमारी, पिंकी कुमारी और रानी सोनी की देखरेख में सेविकाओं रेणु देवी, रेणु कुमारी, खुशबू वर्मा और अंजू कुमारी ने कार्यक्रम का सफलतापूर्वक संचालन किया।
इस अवसर पर आईसीडीएस की जिला प्रोग्राम अधिकारी (डीपीओ) तरणी कुमारी ने बताया कि गर्भावस्था के दौरान आहार में विविधता और पोषक तत्वों की आवश्यकता होती है। गर्भवती महिलाओं को प्रोटीन, विटामिन, कार्बोहाइड्रेट और वसा से भरपूर खाद्य पदार्थों का सेवन करना चाहिए।
डीपीओ ने बताया कि हर माह की 7 तारीख को जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों पर गोदभराई की रस्म अदा की जाती है। यह कार्यक्रम न केवल गर्भवती महिलाओं को पोषण के प्रति जागरूक करता है, बल्कि उनके और उनके गर्भस्थ शिशु के स्वस्थ विकास में भी सहायक होता है। उन्होंने यह भी कहा कि छह माह से दो वर्ष तक के बच्चों को केवल मां का दूध पिलाना चाहिए, जो उनकी रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाने और शारीरिक विकास में सहायक होता है।

