परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ
सिवान के नगर थाना क्षेत्र के ट्रांसपोर्ट गली आदर्श नगर निवासी निरगुण तिवारी के पुत्र विरेश तिवारी के घर से पुलिस ने कार्बाइन सहित अन्य हथियारों को बरामद किया है। इस मामले में फरार विरेश तिवारी की पत्नी श्वेता तिवारी ने प्राथमिकी दर्ज कराई है, जिसमें उन्होंने अपने पति पर जान से मारने की कोशिश करने का आरोप लगाया है।
श्वेता तिवारी ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि उनकी शादी 2006 में विरेश तिवारी से हुई थी। उनके पति ट्रांसपोर्ट का काम करते हैं, लेकिन शराब पीने की आदत और गोपालगंज की एक महिला के साथ उनके संबंधों ने उनकी जिंदगी को नरक बना दिया। श्वेता ने आरोप लगाया कि उक्त महिला के कारण उनके पति मुझसे और बच्चों से मारपीट करते थे।
श्वेता ने 28 नवंबर की रात की घटना का विवरण देते हुए कहा कि उस दिन उनके पति नशे में धुत होकर घर आए और गाली-गलौज करने लगे। इसके बाद, विरेश तिवारी ने उनका गला दबा दिया और फिर बंदूक से उन पर फायर कर दिया। लेकिन श्वेता की सूझबूझ से वह बच गई और छुपकर अपनी जान बचा पाई। पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार विरेश तिवारी की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

