✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
संतरी को धक्का देकर थाना की दीवार फांदकर हुआ था फरार
• सात मार्च को सराय थाना से फरार हुआ था आरोपी
• संतरी को धक्का देकर दीवार फांदकर भागा था बबलू तिवारी
• गिरफ्तारी के लिए पुलिस कर रही थी लगातार छापेमारी
• पुलिस दबिश के कारण आरोपी ने कोर्ट में किया आत्मसमर्पण
सीवान जिले के सराय थाना से फरार गोलीकांड के आरोपी ने आखिरकार पुलिस दबिश के बीच न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया। पपौर गांव निवासी आरोपी बबलू तिवारी सात मार्च की सुबह संतरी को धक्का देकर थाना की दीवार फांदकर फरार हो गया था।
घटना के बाद पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही थी। लगातार बढ़ते दबाव के बीच बुधवार को आरोपी बबलू तिवारी ने न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया। जैसे ही इसकी सूचना पुलिस को मिली, पुलिसकर्मी न्यायालय पहुंचकर मामले की जानकारी हासिल करने लगे।
इस संबंध में सराय थानाध्यक्ष सह प्रशिक्षु डीएसपी ऋषभ आनंद ने बताया कि सात मार्च की सुबह हाजत में शौचालय की व्यवस्था नहीं होने के कारण आरोपी बबलू तिवारी ने शौच जाने की बात कही थी। ड्यूटी पर तैनात संतरी उसे हाजत से बाहर लेकर आया और थाना परिसर में दीवार के पास बैठाया था।
इसी दौरान आरोपी ने अचानक संतरी को धक्का दे दिया और मौके का फायदा उठाकर थाना की दीवार फांदकर फरार हो गया। इसके बाद पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही थी।
थानाध्यक्ष ने बताया कि पुलिस की लगातार दबिश के कारण आरोपी ने अंततः न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया है।

