✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
• पपौर गांव के गोलीकांड का मुख्य आरोपित पुलिस हिरासत से भागा
• शौच के बहाने हाजत से बाहर आकर संतरी को धक्का देकर हुआ फरार
• घटना के बाद पुलिस महकमे में मचा हड़कंप, गिरफ्तारी के लिए छापेमारी
• एसपी पूरन कुमार झा ने थाना पहुंचकर जांच की, मांगी विस्तृत रिपोर्ट
जेल भेजने की तैयारी के दौरान सुबह हुई घटना, पुलिस कर रही तलाश
सिवान : जिले के सराय थाना से एक बड़ा सुरक्षा चूक का मामला सामने आया है। गोलीकांड के एक आरोपित ने शनिवार की सुबह संतरी को धक्का देकर थाना परिसर की दीवार फांदकर फरार हो गया। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। पुलिस फरार आरोपित की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा सराय थाना पहुंचे और मामले की जांच की। एसपी ने थानाध्यक्ष से पूरे मामले की विस्तृत रिपोर्ट भी तलब की है।
मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार को पुरानी रंजिश को लेकर सराय थाना क्षेत्र के पपौर गांव में एक युवक को गोली मारकर घायल कर दिया गया था। इस मामले में पुलिस ने प्राथमिक अभियुक्त पपौर निवासी बबलू तिवारी को गिरफ्तार कर लिया था। गिरफ्तारी के बाद शुक्रवार को उसे सराय थाना की हाजत में बंद किया गया था।
शनिवार को कागजी प्रक्रिया पूरी कर उसे जेल भेजने की तैयारी की जा रही थी। इसी दौरान शनिवार की सुबह आरोपित ने शौच जाने की बात कही। बताया जाता है कि हाजत में शौचालय की व्यवस्था नहीं होने के कारण ड्यूटी पर तैनात संतरी उसे हाजत से बाहर लेकर आया और थाना परिसर में दीवार के पास बैठाया।
इसी दौरान आरोपित बबलू तिवारी ने अचानक संतरी को धक्का दिया और मौका पाकर थाना परिसर की दीवार फांदकर फरार हो गया।
इस संबंध में सराय थानाध्यक्ष सह प्रशिक्षु डीएसपी ऋषभ आनंद ने बताया कि आरोपित को पकड़ने के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

