✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
• सऊदी अरब में काम के दौरान पानी की टंकी में गिरने से मौत
• मृतक की पहचान भीखपुर निवासी ध्रुव नारायण साह (48) के रूप में
• रूम पार्टनर ने फोन कर परिजनों को दी घटना की सूचना
• पार्थिव शरीर गांव लाने की मांग, परिवार में मचा कोहराम
हसनपुरा (सिवान): एमएच नगर थाना क्षेत्र के भीखपुर गांव निवासी देवनंदन साह के पुत्र ध्रुव नारायण साह (48) की शनिवार को सऊदी अरब में पानी की टंकी में गिरने से मौत हो गई। घटना की सूचना शनिवार को करीब तीन बजे उनके रूम पार्टनर द्वारा फोन के माध्यम से स्वजनों को दी गई।
जैसे ही परिजनों को इस दुखद घटना की जानकारी मिली, पूरे परिवार में कोहराम मच गया और घर में मातम छा गया। बताया जाता है कि ध्रुव नारायण साह रोजी-रोटी कमाने के लिए सऊदी अरब में एक निजी कंपनी में काम करते थे।
बताया जा रहा है कि शनिवार की सुबह काम के दौरान अचानक पानी की टंकी में गिर जाने से उनकी मौत हो गई। घटना की जानकारी उनके साथ रहने वाले रूम पार्टनर ने फोन के जरिए परिजनों को दी।
मृतक अपने पीछे 18 वर्षीय पुत्र निखिल कुमार, पत्नी और वृद्ध माता-पिता को छोड़ गए हैं। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
परिजनों ने सरकार और संबंधित कंपनी से मृतक का पार्थिव शरीर जल्द से जल्द गांव लाने की मांग की है, ताकि अंतिम संस्कार किया जा सके।

