✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
शिवराजपुर पहुंचकर ओसामा शहाब ने शहजाद अली के परिजनों से की मुलाकात।
- पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता राशि प्रदान की।
- चार बच्चों के पालन-पोषण को लेकर जताई चिंता, हरसंभव मदद का भरोसा।
- मामले में अब तक पांच आरोपित गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी।
- शोकाकुल परिवार के साथ खड़े होने का दिया संदेश
बड़हरिया (सीवान): बड़हरिया थाना क्षेत्र के शिवराजपुर गांव में हुए चर्चित शहजाद अली हत्याकांड के बाद पीड़ित परिवार से मिलने वालों का सिलसिला जारी है। इसी क्रम में समाजसेवी एवं युवा नेता ओसामा शहाब बुधवार को शिवराजपुर पहुंचे और मृतक शहजाद अली के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी।
इस दौरान ओसामा शहाब ने पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता राशि प्रदान की तथा परिवार के सदस्यों को भरोसा दिलाया कि इस दुख की घड़ी में वे उनके साथ खड़े हैं। उन्होंने कहा कि शहजाद अली की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और समाज के सभी सक्षम लोगों को पीड़ित परिवार की सहायता के लिए आगे आना चाहिए।
बताते चलें कि 30 मई को शहजाद अली की हत्या कर दी गई थी। मृतक अपने परिवार के मुख्य कमाने वाले सदस्य थे। उनके निधन के बाद उनकी पत्नी और चार बच्चों के सामने आर्थिक एवं सामाजिक चुनौतियां खड़ी हो गई हैं। इसी को देखते हुए विभिन्न सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों और समाजसेवियों द्वारा लगातार परिवार से मुलाकात कर सहायता प्रदान की जा रही है।
ओसामा शहाब ने परिजनों को भरोसा दिलाया कि न्याय की लड़ाई में भी वे उनके साथ रहेंगे और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा।
उधर, पुलिस इस मामले में लगातार कार्रवाई कर रही है। अब तक कुल पांच आरोपितों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। मामले को लेकर बुधवार को एसपी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर शीघ्र न्याय और शेष आरोपितों की गिरफ्तारी का भरोसा दिलाया।

