✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
नगर परिषद की स्थिति पर भाजपा नेता ने जताई नाराजगी, जल-जमाव और सफाई व्यवस्था पर उठाए सवाल
- नगर परिषद की कार्यशैली पर भाजपा नेता ने साधा निशाना
- कर्मचारियों के विरोध प्रदर्शन से जिले की छवि धूमिल होने की बात कही
- जल-जमाव और जाम की समस्या पर चिंता जताई
- नालों की सफाई और मास्टर प्लान की मांग
सिवान शहर की बदहाल स्थिति को लेकर भाजपा जिला उपाध्यक्ष डा. चंद्रविजय प्रकाश उर्फ हैप्पी यादव ने नगर परिषद की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि शहर विकास की बजाय बदहाली की ओर बढ़ रहा है, जिसे देखकर आम लोगों में निराशा बढ़ती जा रही है।
भाजपा नेता ने नगर परिषद के कर्मचारियों द्वारा वेतन भुगतान नहीं होने के विरोध में मुख्य द्वार पर मृत कुत्तों को टांगकर किए गए प्रदर्शन को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि इस घटना से पूरे जिले की छवि प्रदेश और देश स्तर पर धूमिल हुई है। यह स्थिति नगर परिषद की प्रशासनिक विफलता को दर्शाती है।
डा. चंद्रविजय प्रकाश ने कहा कि पिछले दस वर्षों से सिवान को गोरखपुर, पटना और गुरुग्राम की तर्ज पर विकसित शहर बनाने की बातें लगातार कही जाती रही हैं, लेकिन धरातल पर स्थिति इसके बिल्कुल विपरीत दिखाई दे रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि बिना किसी ठोस मास्टर प्लान और समुचित जल निकासी व्यवस्था के सड़क और नालों का निर्माण कराया गया, जिसके कारण शहर में जल-जमाव और जाम की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है।
उन्होंने कहा कि हल्की बारिश के बाद ही कई वार्डों में सड़कें तालाब में तब्दील हो जाती हैं। नालों की नियमित सफाई नहीं होने से गंदा पानी सड़कों पर फैल जाता है, जिससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। साथ ही यातायात व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है।
भाजपा नेता ने सरकार और जिला प्रशासन से शहर की स्थिति सुधारने के लिए तत्काल प्रभावी कदम उठाने की मांग की। उन्होंने कहा कि सभी प्रमुख नालों की विशेष सफाई अभियान चलाकर सफाई कराई जाए तथा जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए। इसके अलावा जिन वार्डों में लगातार जल-जमाव की समस्या बनी रहती है, उन्हें चिन्हित कर विशेष कार्य योजना बनाई जाए।
उन्होंने कहा कि यदि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए तो आने वाले दिनों में शहर की स्थिति और अधिक गंभीर हो सकती है।

