✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
दिनदहाड़े हुई लूट की घटना के बाद पुलिस की सख्त कार्रवाई, एसआईटी गठित
• नौ मार्च को अरुण ज्वेलर्स में हथियार के बल पर हुई लूट
• लापरवाही के आरोप में बसंतपुर थानाध्यक्ष निलंबित
• बदमाशों की पहचान के लिए खंगाले जा रहे सीसीटीवी फुटेज
• लूटे गए सामान की बरामदगी के लिए पुलिस की छापेमारी जारी
सिवान: बसंतपुर प्रखंड मुख्यालय में नौ मार्च को दिनदहाड़े हुई आभूषण दुकान लूट की घटना के बाद पुलिस प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई की है। कार्य में लापरवाही बरतने के आरोप में बसंतपुर थानाध्यक्ष को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा ने बताया कि नौ मार्च को बसंतपुर थाना को सूचना मिली कि थाना क्षेत्र के सोनरपट्टी मस्जिद के समीप स्थित अरुण ज्वेलर्स की दुकान में दो मोटरसाइकिल पर सवार चार अज्ञात हथियारबंद बदमाशों ने लूटपाट की घटना को अंजाम दिया है। सूचना मिलते ही सारण डीआईजी नीलेश कुमार और पुलिस अधीक्षक द्वारा घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया गया और निरीक्षण किया गया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि दुकान की तिजोरी से कुछ आभूषण, चांदी के बर्तन और नकद राशि की लूट की गई है। घटना के त्वरित उद्भेदन और लूटे गए सामान की बरामदगी के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी महाराजगंज के नेतृत्व में एसआईटी टीम का गठन किया गया है।
गठित एसआईटी टीम द्वारा बदमाशों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी फुटेज का अवलोकन किया जा रहा है। इस संबंध में बसंतपुर थाना में कांड दर्ज कर विधि-सम्मत कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए बसंतपुर थानाध्यक्ष को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है और बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

