Explore

Search

June 20, 2026 3:19 am

लकड़ीनबीगंज : हथियार के बल पर सीएसपी संचालक से 9.47 लाख की लूट, सनसनी

✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ

सुबह साढ़े आठ बजे वारदात, पांच बदमाशों ने दिया अंजाम

  • बाइक सवार पांच बदमाशों ने ओवरटेक कर रोका
  • 9.47 लाख रुपये, मोबाइल व चाबी लूटकर फरार
  • कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची, जांच जारी
  • घटना के विरोध में सीएसपी संचालकों ने सेंटर बंद किए

लकड़ी नबीगंज (सिवान) : जिले के लकड़ीनबीगंज थाना क्षेत्र में शुक्रवार की सुबह दिनदहाड़े बड़ी लूट की घटना सामने आई है। बसौली शिव मंदिर के पास नवनिर्मित पुल से सटे सर्विस रोड पर करीब साढ़े आठ बजे हथियारबंद बदमाशों ने ग्राहक सेवा केंद्र (सीएसपी) संचालक से 9 लाख 47 हजार रुपये लूट लिए।
मिली जानकारी के अनुसार नवीगंज बाजार निवासी गौतम प्रसाद के पुत्र गोविंद कुमार उर्फ प्रिंस कुमार, जो स्टेट बैंक के ग्राहक सेवा केंद्र का संचालन करते हैं, शुक्रवार सुबह अपने सेंटर पर जा रहे थे। उनके पास बैग में 9.47 लाख रुपये थे, जिसे लेकर वह एटीएम और सीएसपी में जमा करने जा रहे थे।


इसी दौरान पीछे से दो बाइक पर सवार पांच बदमाशों ने उन्हें ओवरटेक कर रोक लिया। बदमाशों ने हथियार का भय दिखाकर उनसे रुपये से भरा बैग, मोबाइल फोन और बाइक की चाबी लूट ली और बसौली मार्ग की ओर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही महाराजगंज एसडीपीओ अमन कुमार, लकड़ीनबीगंज थानाध्यक्ष कृष कुमार शुक्ला समेत गोरियाकोठी, बसंतपुर और भगवानपुर थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई है।
पीड़ित गोविंद कुमार ने बताया कि गुरुवार को एटीएम में रखे छह लाख रुपये और दिनभर के लेनदेन की राशि लेकर वह घर चले गए थे। शुक्रवार सुबह वही रकम लेकर सेंटर खोलने जा रहे थे, तभी रास्ते में बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया।
घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश फैल गया। लकड़ीनबीगंज, भगवानपुर और बसंतपुर के ग्राहक सेवा केंद्र संचालकों ने विरोध स्वरूप अपने-अपने सेंटर बंद कर दिए।
स्थानीय लोगों के अनुसार घटना स्थल सुनसान इलाका है, जहां कम आवाजाही होती है। यही वजह रही कि बदमाशों ने आसानी से वारदात को अंजाम दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और बदमाशों की पहचान में जुटी है।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर