Explore

Search

May 5, 2026 5:46 pm

राजद विधायक ओसामा शहाब की बढ़ी मुश्किलें

✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ

आरजेडी विधायक ओसामा शहाब के दो ठिकानों पर पुलिस की छापेमारी, गिरफ्तारी नहीं


  • भूमि कब्जा मामले में कार्रवाई, फरार बताए जा रहे विधायक
  • सिवान में सोमवार सुबह दो ठिकानों पर छापेमारी
  • डीआईजी व एसपी की मौजूदगी में पुलिस कार्रवाई
  • विधायक ओसामा शहाब छापेमारी से पहले फरार
  • भूमि कब्जा, मारपीट और धमकी का गंभीर आरोप

सिवान | रघुनाथपुर से राजद विधायक और दिवंगत पूर्व सांसद मोहम्मद शहाबुद्दीन के पुत्र ओसामा शहाब की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। सोमवार की सुबह सारण डीआईजी नीलेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने उनके दो ठिकानों पर छापेमारी की।
नगर थाना क्षेत्र के नया किला स्थित आवास और हुसैनगंज थाना क्षेत्र के प्रतापपुर स्थित पैतृक घर पर एक साथ कार्रवाई की गई। इस दौरान एसपी पूरन कुमार झा समेत कई पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे। हालांकि छापेमारी के दौरान विधायक ओसामा शहाब पुलिस के हाथ नहीं लग सके और उन्हें फरार बताया जा रहा है।


डीआईजी ने बताया कि महादेवा थाना में दर्ज एक प्राथमिकी के आधार पर जांच में ओसामा शहाब का नाम सामने आया था। यह मामला एक चिकित्सक की जमीन पर जबरन कब्जा, रंगदारी मांगने, मारपीट और सीसीटीवी कैमरा तोड़ने से जुड़ा है। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद न्यायालय से वारंट जारी होने पर यह कार्रवाई की गई।
छापेमारी के बाद डीआईजी नीलेश कुमार ने सख्त संदेश देते हुए कहा कि सिवान के भू-माफियाओं के खिलाफ अब कठोर कार्रवाई होगी और उन्हें शहर छोड़ना होगा।
इस कार्रवाई में सदर एसडीपीओ अजय कुमार सिंह, मैरवा एसडीपीओ गौरी कुमारी, नगर थानाध्यक्ष अविनाश कुमार, मुफस्सिल थानाध्यक्ष उपेंद्र कुमार सिंह समेत कई थानों की पुलिस शामिल रही।

पीड़ित पक्ष का आरोप

पीड़ित चिकित्सक डॉ. विनय कुमार सिंह की पत्नी डॉ. सुधा सिंह ने आरोप लगाया है कि झुनापुर स्थित उनकी जमीन पर निर्माण कार्य के दौरान ओसामा शहाब के इशारे पर 30-40 लोगों ने हमला किया। कर्मियों के साथ मारपीट की गई, मोबाइल छीन लिए गए और सीसी कैमरे तोड़ दिए गए।
पीड़िता के अनुसार, जमीन उन्होंने सितंबर 2024 में खरीदी थी और वैध रूप से जमाबंदी भी उनके नाम दर्ज है। निर्माण कार्य शुरू होने के बाद ओसामा शहाब ने उस जमीन पर अपना दावा जताया और बाद में काम बंद कराने के लिए दबाव बनाया।
बताया गया कि 14 अप्रैल को फोन कर निर्माण रोकने को कहा गया और इसके बाद हथियारबंद लोगों ने साइट पर पहुंचकर हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने मशीनें और अन्य सामान भी जबरन ले लिया तथा जान से मारने की धमकी दी।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और फरार विधायक की तलाश जारी है।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर