Explore

Search

March 21, 2026 8:35 pm

रघुनाथपुर एवं गुठनी : अलग-अलग अगलगी की घटनाओं में लाखों की संपत्ति राख

✍🏽 परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ

तीन लाख की संपत्ति जलकर राख, प्रशासन ने दिया मदद का आश्वासन

सीवान : जिले के रघुनाथपुर के पिपरा एवं गुठनी के विसवार गांव में शनिवार को दो अलग-अलग अगलगी की घटनाओं में करीब तीन लाख रुपये की संपत्ति जलकर राख हो गई। ग्रामीणों के प्रयास और अग्निशमन विभाग की तत्परता से आग पर काबू पाया गया, जिससे बड़ा नुकसान टल गया।

जानकारी के अनुसार, रघुनाथपुर थाना क्षेत्र के पिपरा गांव में शनिवार दोपहर राजकुमार साह एवं सत्येंद्र साह के घर में अचानक आग लग गई। आग ने तेजी से घर को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे अनाज, कपड़ा, बर्तन समेत करीब एक लाख रुपये की संपत्ति जलकर नष्ट हो गई। ग्रामीणों ने तत्काल अग्निशमन विभाग को सूचना दी। फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और किसी तरह आग पर काबू पाया। अंचलाधिकारी प्रत्यक्ष कुमार ने घटना की जांच के आदेश दिए हैं और कहा कि रिपोर्ट आने के बाद पीड़ित परिवार को नियमानुसार मुआवजा दिया जाएगा।

वहीं, दूसरी घटना गुठनी थाना क्षेत्र के विसवार गांव में हुई, जहां चूल्हे से उड़ी चिंगारी के कारण हरेंद्र बासफोर के घर में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और अनाज, कपड़ा, नकदी, आभूषण, साइकिल, महत्वपूर्ण कागजात समेत करीब दो लाख रुपये की संपत्ति जलकर राख हो गई। इस घटना में झोपड़ी में बंधा एक पशु झुलस गया, जबकि सामान बचाने के दौरान परिवार के कुछ सदस्य भी आंशिक रूप से घायल हो गए।

ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए मिट्टी, बालू और पानी डालकर आग पर काबू पाया, जिससे आसपास के अन्य घरों को नुकसान होने से बचाया जा सका। सूचना मिलते ही सीओ डॉ. विकास कुमार, थानाध्यक्ष विकास कुमार सिंह, कर्मचारी राहुल कुमार समेत प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर पीड़ित परिवार से मुलाकात की और हरसंभव मदद का आश्वासन दिया।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर