✍🏽परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ
रघुनाथपुर: रघुनाथपुर प्रखंड मुख्यालय स्थित शहीद खेल मैदान में बुधवार को 20वां राज्यस्तरीय एसबीएस टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट का उद्घाटन मैच देवरिया और दानापुर टीम के बीच खेला गया। इस रोमांचक मुकाबले में देवरिया की टीम ने नौ रन से जीत दर्ज कर अगले दौर में जगह बनाई।
टॉस जीतकर दानापुर ने पहले गेंदबाजी का फैसला लिया। देवरिया की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में सात विकेट के नुकसान पर 163 रन बनाए। अखिलेश पांडेय की शानदार बल्लेबाजी ने टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। जवाब में दानापुर की टीम 20 ओवर में 154 रन पर सिमट गई। देवरिया की टीम ने आठ रन से जीत दर्ज की। शानदार प्रदर्शन के लिए देवरिया टीम के अखिलेश पांडेय को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।
टूर्नामेंट के आयोजक शहीद भगत सिंह सामाजिक संस्थान के अध्यक्ष अविनाश कुमार ने बताया कि इस खेल में कमेंट्री सुजीत कुमार निराला ने की, जबकि स्कोरिंग अंकित कुमार सिंह और विकास कुमार ने संभाली। अंपायर की भूमिका राजेश यादव और रणजीत कुमार ने निभाई।
टूर्नामेंट का उद्घाटन सदर विधायक अवध बिहारी चौधरी ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर और शहीद भगत सिंह के तैल चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया। इस अवसर पर जिला पार्षद जेपी पांडेय, उमेश पासवान, नागेंद्र मांझी, विनय कुमार गुप्ता, विश्वनाथ यादव उर्फ घुरा यादव, और रामनरेश मद्देशिया समेत बड़ी संख्या में दर्शक उपस्थित रहे।
टूर्नामेंट का दूसरा मैच 27 दिसंबर को हरियाणा और मोतिहारी की टीमों के बीच खेला जाएगा।

