✍परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ
मैरवा (सिवान): प्रखंड के बभनौली पंचायत स्थित कैथवली गांव में शुक्रवार को नार्थ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड की विद्युत आपूर्ति प्रशाखा, मैरवा द्वारा विद्युत विपत्र सुधार शिविर आयोजित किया गया। इस शिविर में बिजली बिल, स्मार्ट मीटर, विद्युत आपूर्ति, बिल में सुधार, नया कनेक्शन, कृषि कार्य हेतु विद्युत कनेक्शन और खराब मीटर से संबंधित समस्याओं को सुना गया।
कनीय अभियंता (जेई) हामिद रजा ने उपभोक्ताओं को समय पर बिजली बिल जमा करने की अपील की, ताकि विद्युत आपूर्ति में बाधा न आए। वहीं, विद्युत सहायक अभियंता (एसडीओ) नेहाल श्रीवास्तव ने ‘बिजली बिल सुविधा ऐप’ के माध्यम से बिल भुगतान के फायदे बताए और उपभोक्ताओं को बेहतर विद्युत व्यवस्था का भरोसा दिलाया। शिविर में त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच उपभोक्ताओं की बिल संबंधी समस्याओं का समाधान किया गया और पांच नए कनेक्शन भी प्रदान किए गए।
इसके अलावा, कई उपभोक्ताओं ने बकाया बिल का भुगतान किया। शिविर में उपस्थित ग्रामीणों को स्मार्ट मीटर और उनके उपयोग के बारे में जानकारी दी गई। इस मौके पर विद्युत कर्मी संजीव कुमार सिंह, मुखिया प्रतिनिधि शशि कुमार यादव समेत कई अधिकारी और ग्रामीण मौजूद रहे।