मैरवा में स्मैक व गांजा के साथ नबीबुल्लाह मियां समेत तीन तस्कर गिरफ्तार
✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
छापेमारी में 4.5 किलो गांजा, 143 पुड़िया स्मैक व नकदी बरामद
मैरवा थाना क्षेत्र के मिस्करही गांव में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर स्मैक और गांजा की तस्करी में संलिप्त तीन तस्करों को गिरफ्तार कर लिया। जबकि चार अन्य तस्कर मौके से फरार हो गए, जिनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी गौरी कुमारी ने बताया कि मैरवा थानाध्यक्ष राहुल कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए 4.5 किलोग्राम गांजा, 143 पुड़िया (करीब 11.4 ग्राम) स्मैक, चार मोबाइल फोन और 6500 रुपये नकद बरामद किए हैं।
गिरफ्तार आरोपितों में मैरवा थाना क्षेत्र के मिस्करही निवासी राजू अली और नबीबुल्लाह मियां तथा सारण जिले के कोपा थाना क्षेत्र के भरटोली निवासी मिथुन राजभर शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, राजू अली के पास से 4.5 किलोग्राम गांजा, एक मोबाइल फोन और 1800 रुपये नकद मिले। वहीं नबीबुल्लाह मियां के पास से 60 पुड़िया स्मैक, एक मोबाइल फोन और 3000 रुपये बरामद किए गए। मिथुन राजभर के पास से 83 पुड़िया स्मैक, एक मोबाइल फोन और 1700 रुपये नकद जब्त किए गए।
एसडीपीओ गौरी कुमारी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ कर मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है। फरार तस्करों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित कर लगातार छापेमारी की जा रही है।
पुलिस गिरफ्तार अभियुक्तों के आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा और क्षेत्र में इस अवैध कारोबार को समाप्त करने के लिए सख्त कार्रवाई की जाएगी।