✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
सीवान-बलिया में सक्रिय था गिरोह, कई घटनाओं में संलिप्तता की जांच
सिवान: मैरवा थाना पुलिस ने महिलाओं से आभूषण स्नैचिंग करने वाले गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से लूटे गए आभूषण, एक देसी कट्टा, एक जिंदा गोली समेत कई सामान बरामद किए हैं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लक्ष्मीपुर निवासी रजनीश यादव, उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के फुलवैया निवासी मोहम्मद वसीम मियां तथा नई बाजार निवासी ऋषभ कुमार वर्मा के रूप में हुई है। ये सभी मैरवा थाना क्षेत्र से जुड़े हैं और सीवान व बलिया जिलों में महिलाओं से आभूषण छिनतई की घटनाओं को अंजाम देते थे।
पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बेदौली जाने वाली सड़क किनारे छठ घाट के पास छापेमारी कर तीनों को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान एक देसी कट्टा, एक जिंदा गोली, चार मोबाइल फोन, तीन मोटरसाइकिल, एक लेडीज पर्स तथा स्नैचिंग कर बेचे गए सोने के आभूषण—मंगलसूत्र, टॉप्स और नथिया बरामद किए गए।
मैरवा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी गौरी कुमारी ने बताया कि मैरवा, नौतन और दरौली क्षेत्रों में लगातार हो रही छिनतई की घटनाओं के बाद पुलिस सक्रिय हुई थी। जांच के क्रम में इस गिरोह का खुलासा हुआ और गिरफ्तारी संभव हो सकी।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के बाद गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान की जा रही है और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। साथ ही, इनकी अन्य घटनाओं में संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।

