Explore

Search

March 6, 2026 3:18 am

मैरवा : मुख्यमंत्री के संभावित कार्यक्रम को लेकर प्रशासन अलर्ट, निर्माण कार्यों की तेज़ी से हो रही निगरानी

✍ परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ

मैरवा (सीवान): मुख्यमंत्री के मैरवा में संभावित दौरे को लेकर प्रशासनिक हलचल बढ़ गई है। दिसंबर महीने में मुख्यमंत्री के आने की संभावना जताई जा रही है, जिसके मद्देनजर प्रशासन ने निर्माण कार्यों पर कड़ी नजर रखना शुरू कर दी है।

प्रखंड के भोपतपुरा में मेडिकल कॉलेज और अस्पताल के निर्माण कार्य में तेजी लाई गई है। इसके साथ ही निर्माण स्थल की घेराबंदी को भी ठीक किया जा रहा है। सड़क किनारे मिट्टी डालकर सड़क को चौड़ा किया जा रहा है। जिलाधिकारी, एडीएम और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी निर्माण स्थल का निरीक्षण कर चुके हैं।

मैरवा में निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज के आसपास के गांवों पर भी प्रशासन की विशेष निगरानी है। अधिकारियों द्वारा इन गांवों का दौरा किया जा रहा है। भोपतपुरा स्थित प्राथमिक विद्यालय में कक्ष निर्माण कार्य भी आनन-फानन में शुरू कर दिया गया है।

इसके अलावा, भोपतपुरा की दलित बस्ती और आसपास के अन्य पंचायतों, जैसे बभनौली, बड़गांव और इंग्लिश पंचायत पर प्रशासन की विशेष निगाह है। इन क्षेत्रों में किए गए विकास कार्यों की समीक्षा की जा रही है और आवश्यक निर्देश दिए जा रहे हैं।

हाल ही में जिला शिक्षा पदाधिकारी ने प्राथमिक विद्यालय भोपतपुरा और उत्क्रमित माध्यमिक विद्यालय तितरा का निरीक्षण किया और आवश्यक निर्देश दिए। वहीं प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी ने उत्क्रमित माध्यमिक विद्यालय कैथवली का निरीक्षण किया और लापरवाही न बरतने की चेतावनी दी।

सूत्रों के मुताबिक, मुख्यमंत्री के सिवान आगमन की संभावना है और वे मैरवा में मेडिकल कॉलेज और अस्पताल के निर्माण कार्य का जायजा लेने पहुंच सकते हैं। इसके अलावा, वे जीविका और दलित बस्ती में महिलाओं से संवाद भी कर सकते हैं। हालांकि, कार्यक्रम की आधिकारिक पुष्टि के बाद ही सब कुछ स्पष्ट होगा।

इस बीच, प्रशासन ने विद्यालयों के शौचालय, नलजल, किचनशेड, भवन जीर्णोद्धार कार्य सहित असैनिक कार्यों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए हैं। सभी कार्य 15 दिसंबर तक पूरा करने की कोशिश की जा रही है।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर