Explore

Search

July 3, 2026 2:11 am

मैरवा: ट्रक और बोलेरो की टक्कर में आधा दर्जन लोग घायल, सड़क जाम

✍🏽 परवेज़ अख्तर/एडिटर इन चीफ

मैरवा थाना क्षेत्र के विजईपुर मोड़ के समीप मैरवा-सिवान उच्च पथ पर शुक्रवार को ट्रक और बोलेरो में सीधी टक्कर हो गई, जिससे बोलेरो में सवार एक ही परिवार के आधा दर्जन लोग घायल हो गए। इनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। घटना के बाद सभी घायलों को पास के एक निजी क्लिनिक में ले जाया गया, जहां से चिकित्सकों ने उन्हें सिवान सदर अस्पताल रेफर कर दिया।

बताया जाता है कि बोलेरो में सवार लोग सिवान में एक सगाई समारोह में शामिल होने के बाद उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के सलेमपुर थाना क्षेत्र के सोनबरसा गांव लौट रहे थे। इसी दौरान विजईपुर और करछुई के बीच सामने से आ रहे ट्रक ने बोलेरो को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बोलेरो का आगे का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

घायलों में अमित कुमार प्रसाद की पत्नी संगीता देवी, अजीत कुमार, नितिन कुमार, अयनास कुमार, श्रेयांश कुमार और उर्मिला देवी शामिल हैं। ये सभी एक ही परिवार के सदस्य बताए जा रहे हैं।

दुर्घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया और जाम हटवाया।

घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से बोलेरो से बाहर निकाला गया और प्राथमिक उपचार के लिए निजी क्लिनिक ले जाया गया। चिकित्सकों ने सभी की स्थिति गंभीर देखते हुए उन्हें सदर अस्पताल रेफर कर दिया।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर