Explore

Search

March 5, 2026 6:27 pm

मैरवा: खेल प्रशिक्षण कार्यशाला में बक्सर ने देवरिया को हराकर जीती विजेता ट्रॉफी

✍🏽परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ

सीवान, देवरिया और बक्सर की हॉकी टीमों के बीच हुआ रोमांचक मुकाबला, युवाओं को खेल के साथ नेतृत्व क्षमता का मिला पाठ

सीवान ज़िले के मैरवा स्थित रानी लक्ष्मीबाई स्पोर्ट्स अकादमी के खेल मैदान में आर.एल.बी.एस.ए फाउंडेशन द्वारा एक दिवसीय खेल कौशल प्रशिक्षण एवं नेतृत्व क्षमता संवर्धन कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में सीवान, देवरिया और बक्सर की चार हॉकी टीमों ने भाग लिया। कार्यशाला का उद्देश्य युवाओं को खेलों से जोड़ते हुए उन्हें शारीरिक रूप से सशक्त बनाना और मोबाइल युग की निष्क्रियता से बाहर निकालना था।

प्रशिक्षकों ने बताया कि आज की युवा पीढ़ी मोबाइल और डिजिटल मीडिया के प्रभाव में आकर शारीरिक गतिविधियों से दूर होती जा रही है, जिससे उनके स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है। कार्यशाला में खिलाड़ियों को तनावपूर्ण परिस्थितियों में भी बेहतर प्रदर्शन करने के गुर सिखाए गए।

कार्यक्रम के दूसरे भाग में हॉकी मैचों का आयोजन हुआ। पहला मुकाबला सीवान और रविंद्र शाही स्टेडियम देवरिया के बीच हुआ, जिसमें देवरिया ने 2-1 से जीत दर्ज कर सेमीफाइनल में जगह बनाई। वहीं दूसरा मैच बक्सर और गवर्नमेंट इंटर कॉलेज देवरिया के बीच खेला गया, जिसमें बक्सर ने 6-2 से शानदार जीत हासिल की।

फाइनल मुकाबला देवरिया स्टेडियम और बक्सर के बीच खेला गया, जिसमें बक्सर ने देवरिया को 4-2 से हराकर विजेता ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।

पूरे कार्यक्रम का संचालन आर.एल.बी.एस.ए फाउंडेशन के निदेशक संजय पाठक ने किया, जबकि खेल कौशल का प्रशिक्षण एन.आई.एस कोच रंजीत लकड़ा ने दिया। उन्होंने युवाओं को खेल के माध्यम से अनुशासन और आत्मनिर्भरता का संदेश दिया।

नेतृत्व विकास सत्र का संचालन अंतरराष्ट्रीय हैंडबॉल खिलाड़ी खुशबू कुमारी, स्पोर्ट्स इंचार्ज सलमा खातून और एन.आई.एस कोच विवेक कुमार सिंह ने किया। कार्यक्रम के अंत में विजेता टीम को ट्रॉफी संजय पाठक द्वारा और उपविजेता टीम को रंजीत लकड़ा द्वारा ट्रॉफी व मेडल देकर सम्मानित किया गया।

मैदान में सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण दर्शकों और खिलाड़ियों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को जीवंत बना दिया। यह आयोजन न केवल खेल भावना को बढ़ावा देने वाला रहा बल्कि युवा नेतृत्व निर्माण की दिशा में एक प्रभावी कदम भी साबित हुआ।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर