✍🏽परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ
मैरवा की रानी लक्ष्मीबाई स्पोर्ट्स अकादमी की पाँच खिलाड़ी, ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय की 20 सदस्यीय टीम में चयनित होकर पंजाब में आयोजित ऑल इंडिया विश्वविद्यालय फुटबॉल चैंपियनशिप में भाग लेंगी। यह प्रतियोगिता भारतीय विश्वविद्यालय खेल संघ द्वारा 11 से 16 जनवरी 2025 तक आयोजित की जाएगी।
रानी लक्ष्मीबाई स्पोर्ट्स अकादमी के निदेशक सह संस्थापक संजय पाठक ने बताया कि इन खिलाड़ियों ने अक्टूबर 2024 में मणिपुर में ईस्ट जोन अंतर विश्वविद्यालय फुटबॉल चैंपियनशिप में ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व करते हुए तृतीय स्थान प्राप्त किया था। इस शानदार प्रदर्शन के कारण विश्वविद्यालय की टीम 20 वर्षों के बाद राष्ट्रीय स्तर पर क्वालीफाई कर पाई है। चयनित खिलाड़ियों में नीतू कुमारी, खुशी कुमारी, निभा कुमारी, शिबू कुमारी और प्रिया कुमारी शामिल हैं। ये सभी खिलाड़ी बेगूसराय महिला कॉलेज में बीए पार्ट वन की छात्राएं हैं और टीम के साथ पंजाब के लिए रवाना हो चुकी हैं।
चयनित खिलाड़ियों को जिले के विभिन्न प्रतिष्ठित व्यक्तियों और संगठनों ने शुभकामनाएं दीं। जिला फुटबॉल संघ सिवान के सचिव उमाशंकर प्रसाद, रेफरी धर्मनाथ यादव, पूर्व अध्यक्ष मोहम्मद फरीद, और मोहम्मद शाहिद ने खिलाड़ियों को उनकी मेहनत और उपलब्धि के लिए सराहा।
इसके अलावा, आईएमए सिवान के अध्यक्ष डॉ. शशि भूषण सिंहा, सचिव डॉ. शरद चौधरी, डॉ. रामजी चौधरी, डॉ. रिता सिंहा, डॉ. अशोक कुमार, डॉ. सत्य प्रकाश, मुख्य संरक्षक डॉ. आर. एन. ओझा, और रानी लक्ष्मीबाई स्पोर्ट्स अकादमी फाउंडेशन के निदेशक राजीव लोचन मिश्रा सहित कई अन्य ने भी खिलाड़ियों को बधाई दी और उनकी सफलता के लिए शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।