Explore

Search

March 22, 2026 5:26 am

महाराजगंज : विसर्जन में गाना बजाने को लेकर दो पक्षों में मारपीट, दर्जनों घायल

✍🏽 परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ

महाराजगंज (सिवान): थाना क्षेत्र के इंदौली गांव में बुधवार शाम मां सरस्वती की प्रतिमा विसर्जन के दौरान अश्लील गाना बजाने को लेकर विवाद हो गया, जिससे दो पक्षों के बीच कहासुनी के बाद मारपीट शुरू हो गई। हालांकि, ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को शांत करा दिया, लेकिन गुरुवार सुबह मामला फिर तूल पकड़ लिया और दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए।

देखते ही देखते ईंट-पत्थर चलने लगे, लाठी-रॉड से हमला शुरू हो गया, जिससे एक दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, इंदौली में सरस्वती पूजा के दौरान विसर्जन जुलूस में अश्लील गाना बजाया जा रहा था, जिसका कुछ युवकों ने विरोध किया। इस पर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई, जो बाद में मारपीट में बदल गई। हालांकि, बुधवार को ग्रामीणों ने मामले को शांत करा दिया था, लेकिन गुरुवार सुबह फिर झड़प हो गई।

घायलों में रीता देवी, रचना देवी, रूपेश कुमार, प्रतिमा कुमारी, सुगांति देवी, पिंटू यादव, मुन्ना कुमार समेत अन्य लोग शामिल हैं। घायलों को इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया।

घटना की सूचना मिलते ही एसडीपीओ राकेश कुमार रंजन, थानाध्यक्ष उपेंद्र कुमार सिंह और 112 नंबर की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

इस घटना के बाद गांव में तनाव और अफरातफरी का माहौल बना हुआ है। पुलिस की टीम स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर