✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
- जिगरहवां गांव में दो लड़कियों के टावर पर चढ़ने से अफरा-तफरी
- आत्महत्या की धमकी से गांव में मची सनसनी
- पुलिस ने समझा-बुझाकर दोनों को सुरक्षित उतारा
- प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा मामला
महाराजगंज प्रखंड के जिगरहवां गांव में मंगलवार की सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब गांव की दो लड़कियां अचानक एक मोबाइल टावर पर चढ़ गईं और वहां से कूदकर आत्महत्या करने की धमकी देने लगीं। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।
स्थानीय लोगों ने दोनों लड़कियों को काफी ऊंचाई पर चढ़ते देखा, जिसके बाद लोग शोर मचाते हुए टावर के पास पहुंच गए और उन्हें नीचे उतरने की गुहार लगाने लगे। इस दौरान दोनों लड़कियां टावर से कूदने की बात कह रही थीं, जिससे स्थिति और तनावपूर्ण हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही महाराजगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने स्पीकर के माध्यम से दोनों लड़कियों से बातचीत की और उनकी मांगों को मानने का आश्वासन देकर उन्हें शांत कराने का प्रयास किया। काफी मशक्कत और समझाइश के बाद दोनों लड़कियां सुरक्षित नीचे उतर आईं।
इसके बाद पुलिस दोनों को अपने साथ थाना ले गई, जहां उनसे पूछताछ की जा रही है। घटना के बाद गांव वालों और परिजनों ने राहत की सांस ली।
ग्रामीणों के अनुसार मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है। बताया जा रहा है कि दोनों लड़कियों के बीच संबंध को लेकर परिवार की आपत्ति के बाद यह स्थिति उत्पन्न हुई। हालांकि इस संबंध में आधिकारिक रूप से कोई पुष्टि नहीं की गई है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और दोनों लड़कियों की काउंसलिंग भी कराई जा रही है ताकि भविष्य में ऐसी घटना की पुनरावृत्ति न हो।

