✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
महाराजगंज में ब्राह्मण समाज ने धूमधाम से मनाया भगवान परशुराम जयंती, मंत्री मंगल पांडेय ने की प्रधानमंत्री की कार्यशैली की सराहना
महाराजगंज (सिवान) :
अनुमंडल मुख्यालय स्थित एक मैरेज हॉल में शुक्रवार को ब्राह्मण समाज द्वारा भगवान परशुराम की जयंती धूमधाम से मनाई गई। इस मौके पर बिहार सरकार के स्वास्थ्य एवं विधि मंत्री मंगल पांडेय, केंद्रीय कोयला राज्यमंत्री सतीशचंद्र दुबे, राजद के प्रदेश प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी समेत कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन से हुई। समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री मंगल पांडेय ने कहा कि भगवान परशुराम ने धर्म, न्याय और सत्य की रक्षा के लिए अपना जीवन समर्पित किया। उन्होंने कहा कि “हर युग में प्रेरणा बने परशुराम महान, वीरता, तप और ज्ञान से करें जन-जन का कल्याण”।
मंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तुलना भगवान परशुराम से करते हुए कहा कि जिस प्रकार परशुराम ने अत्याचार के विरुद्ध शस्त्र उठाया था, आज उसी तरह प्रधानमंत्री आतंकवाद के खिलाफ डटकर मुकाबला कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मोदी जी शास्त्र और शस्त्र दोनों के माध्यम से देश और सनातन संस्कृति की रक्षा कर रहे हैं।
इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री सतीशचंद्र दुबे ने कहा कि जब-जब धरती पर अत्याचार बढ़ा है, तब-तब भगवान विष्णु का अवतार हुआ है। उन्होंने कहा कि भगवान परशुराम की प्रतिमा प्रखंड मुख्यालय में स्थापित की जाएगी। साथ ही, ब्राह्मण समाज के उत्थान के लिए ट्रस्ट गठन कर बच्चों की पढ़ाई और निर्धन बहनों की शादी में सहयोग की व्यवस्था करने का भी प्रस्ताव रखा गया।
राजद प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी ने भगवान परशुराम को ब्राह्मण समाज की पहचान बताया और कहा कि उनके विचारों को अपनाकर समाज को सशक्त बनाया जा सकता है। कार्यक्रम की अध्यक्षता अधिवक्ता पीपी रंजन द्विवेदी ने की जबकि मंच संचालन दिवाकर उपाध्याय ने किया।
समारोह में अतिथियों का अंगवस्त्र देकर स्वागत किया गया। इस अवसर पर ब्रह्मकुमारी प्रजापति विश्वविद्यालय परिवार की ओर से मंत्री मंगल पांडेय को मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में भाजपा जिला मंत्री अवधेश पांडेय, प्रवीण मिश्रा, रिंशु पांडेय, चंदन दुबे, डा. रामनारायण पाठक सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे।



