✍🏽 परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ
महाराजगंज (सिवान): अनुमंडल मुख्यालय स्थित प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय में गुरुवार देर शाम नशा मुक्त भारत अभियान पर एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में माउंट आबू से आए बीके राजीव धवन ने नशे के दुष्प्रभावों पर गहन चर्चा की।
बीके राजीव धवन ने कहा कि अधिकांश लोग कम उम्र में ही नशे का सेवन शुरू कर देते हैं, क्योंकि उन्हें पर्याप्त स्नेह नहीं मिलता। उन्होंने बताया कि आत्म-प्रेम और आत्मसम्मान को विकसित करना नशे से बचने का प्रभावी तरीका है। उन्होंने सुझाव दिया कि प्रतिदिन सुबह खुद की हौसला अफजाई करें और यह महसूस करें कि परमात्मा ने हमें विशेष कार्य के लिए चुना है।
उन्होंने कहा, “नशा जीवन में सजा दिलाने वाला गुप्त शत्रु है, जिसे मानव अपना मित्र समझता है। इस शत्रु से बचने के लिए मनुष्य को अपनी अच्छाइयों को पहचानना होगा।” बीके धवन ने राजयोग को नशे से मुक्ति का प्रभावी साधन बताते हुए कहा कि जो इसे अपने जीवन में धारण करता है, वह दूसरों के लिए प्रेरणास्रोत बन सकता है और समाज के उत्थान में योगदान दे सकता है।
कार्यक्रम में यह भी बताया गया कि प्रखंड के विभिन्न गांवों और मोहल्लों में नशा मुक्त भारत अभियान सक्रिय रूप से चलाया जा रहा है। विद्यालयों में जाकर बच्चों को जीवनभर नशा मुक्त रहने की प्रेरणा दी जा रही है।
इस अवसर पर बीके शोभा बहन, बीके निप्पू बहन, बीके जितेंद्र कुमार और अन्य बीके भाई-बहन उपस्थित थे।

