✍🏽परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ
महाराजगंज शहर के भारतीय स्टेट बैंक के समीप मंगलवार को दो संदिग्ध व्यक्तियों को घूमते देख स्थानीय ग्रामीणों ने पकड़कर उनकी पिटाई की और पुलिस को सौंप दिया। बताया जा रहा है कि महाराजगंज थाना क्षेत्र में हाल के दिनों में आपराधिक घटनाएं तेजी से बढ़ी हैं। सोमवार को एक महिला से एक लाख रुपये की लूट के बाद से पुलिस और स्थानीय लोग सतर्क हो गए थे।
मंगलवार को करीब दोपहर 2 बजे बैंक के पास संदिग्ध गतिविधि करते हुए दो युवकों को देखकर स्थानीय लोगों ने उन्हें घेर लिया। घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों द्वारा पकड़े गए दोनों संदिग्धों को हिरासत में लेकर थाना ले गई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि दोनों युवक किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की कोशिश में थे। उनके साथ एक तीसरा युवक भी था, जो बाइक लेकर फरार हो गया। पुलिस पकड़े गए युवकों से पूछताछ कर रही है और उनके आपराधिक इतिहास की जांच में जुटी है।

