✍🏽परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ
महाराजगंज के आकाशी मोड़ स्थित बगउत बाबा स्थान के समीप मंगलवार की देर शाम बाइक सवार बदमाशों ने एक गोलगप्पा दुकानदार को गोली मारकर घायल कर दिया। बदमाशों ने उसके पास से पांच हजार रुपये लूटकर फरार हो गए। घायल दुकानदार की पहचान उपाध्याय टोला निवासी मंतोष प्रसाद के रूप में हुई है। मंतोष प्रसाद आकाशी मोड़ के समीप गोलगप्पा बेचने का कार्य करते हैं।
बताया जाता है कि मंगलवार की शाम मंतोष प्रसाद आकाशी मोड़ से गोलगप्पा बेचकर अपने घर लौट रहे थे, तभी आकिल टोला बगउत बाबा स्थान के समीप घात लगाए बदमाशों ने उन्हें गोली मार दी। गोली मंतोष के दोनों पैरों में लगी, जिससे वह गिर पड़े। बदमाशों ने मंतोष के पास से पांच हजार रुपये लूट लिए और फरार हो गए।
घटना के बाद राहगीरों ने मंतोष को अनुमंडल अस्पताल पहुँचाया, जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुँचकर मामले की जानकारी ली और जांच शुरू कर दी है।

