Explore

Search

June 20, 2026 3:27 am

महाराजगंज थानाध्यक्ष विजय कुमार चौधरी बने माह के सर्वश्रेष्ठ थानेदार

✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ

अपराध नियंत्रण और कांड निष्पादन को लेकर एसपी ने दिए सख्त निर्देश


  • जिला समाहरणालय सभागार में आयोजित हुई मासिक अपराध गोष्ठी
  • नगर थाना के पुअनि अमित कुमार राम ने 21 कांडों का किया निष्पादन
  • सात अनुसंधानकर्ताओं को एसपी ने किया पुरस्कृत
  • अपराधियों पर त्वरित कार्रवाई और स्पीडी ट्रायल पर जोर

सीवान, 10 मई 2026 : जिला समाहरणालय सभागार में शनिवार की देर शाम पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा की अध्यक्षता में मासिक अपराध गोष्ठी आयोजित की गई। बैठक में जिले के सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, अंचल पुलिस निरीक्षक, थानाध्यक्ष एवं विभिन्न शाखाओं के प्रभारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान अपराध नियंत्रण, लंबित कांडों के निष्पादन एवं कानून व्यवस्था की समीक्षा की गई। पुलिस अधीक्षक ने सभी पुलिस पदाधिकारियों को हत्या, आर्म्स एक्ट समेत गंभीर मामलों में स्पीडी ट्रायल चलाकर त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने तथा अपराधियों को सजा दिलाने के निर्देश दिए।
इस दौरान महाराजगंज थानाध्यक्ष विजय कुमार चौधरी को बेहतर कार्य प्रदर्शन के आधार पर इस माह का सर्वश्रेष्ठ थानेदार घोषित किया गया। वहीं नगर थाना के पुअनि अमित कुमार राम ने अप्रैल माह में 21 कांडों का निष्पादन कर जिला में प्रथम स्थान प्राप्त किया।
एसपी ने सभी थानाध्यक्षों को शरारती तत्वों को चिह्नित कर बीएनएसएस की धारा 126/129/132/135 एवं सीसीए 3/12 के तहत निरोधात्मक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। साथ ही पासपोर्ट एवं चरित्र सत्यापन से संबंधित आवेदनों और लंबित मामलों का समय सीमा के भीतर निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में ईआरएसएस के तहत कंट्रोल रूम से प्राप्त शिकायतों पर 15 मिनट के भीतर प्रतिक्रिया देने का निर्देश भी दिया गया। एसपी ने कहा कि सभी पुलिस पदाधिकारी और पुलिसकर्मी थानों में आने वाले लोगों के साथ नम्र एवं शालीन व्यवहार रखें तथा उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान करें।
दस से अधिक कांडों का अनुसंधान पूर्ण करने वाले सात अनुसंधानकर्ताओं को भी पुरस्कृत किया गया। इनमें नगर थाना के पुअनि अमित कुमार राम, जितेंद्र सिंह यादव, शैलेंद्र कुमार सिंह, परि पुअनि मनीश कुमार, दरौंदा थाना की पुअनि सुमन कुमारी, मुफ्फसिल थाना के पुअनि मनीष कुमार तथा भगवानपुरहाट थाना के सअनि वीरेंद्र पांडेय शामिल हैं।
बैठक के दौरान थाना परिसरों में नियमित रूप से गुंडा परेड एवं चौकीदारी परेड कराने पर भी विशेष जोर दिया गया।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर