Explore

Search

March 12, 2026 2:03 am

मन को निर्मल करने के लिए प्रभु श्रीराम के नाम और उनकी कथा का करें श्रवण : राजन महाराज

✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ

श्रीराम कथा में राम जन्म प्रसंग सुन श्रद्धालु हुए भावविभोर

• वीएम उच्च विद्यालय सह राजकीय इंटर कॉलेज परिसर में चल रही श्रीराम कथा
• तीसरे दिन कथावाचक राजन महाराज ने सुनाया भगवान राम के जन्म का प्रसंग
• ‘भए प्रकट कृपाला दीन दयाला’ भजन पर झूम उठे श्रद्धालु

• बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी रामरस में हुए सराबोर

सीवान शहर के वीएम उच्च विद्यालय सह राजकीय इंटर कॉलेज परिसर में आयोजित श्रीराम कथा के तीसरे दिन कथावाचक राजन महाराज ने भगवान श्रीराम के जन्म का प्रसंग सुनाया। कथा के दौरान जब उन्होंने “भए प्रकट कृपाला दीन दयाला” भजन गाया तो उपस्थित श्रद्धालु भावविभोर होकर झूमने लगे।
भगवान श्रीराम के जन्म प्रसंग पर श्रद्धालु आस्था और उल्लास में पूरी तरह डूब गए। बच्चों से लेकर युवा, बुजुर्ग, महिलाएं और पुरुष सभी रामभक्ति के रस में सराबोर नजर आए। श्रीराम के जन्म प्रसंग के साथ ही पूरा परिसर भक्तिमय माहौल में डूब गया।
मंगलवार को कथा के तीसरे दिन यजमानों द्वारा श्रीरामचरितमानस ग्रंथ की आरती के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई। इसके बाद “तेरी मर्जी का मैं हूं गुलाम ओ मेरे अलबेले राम” भजन से कथा का आरंभ हुआ। इस भजन पर श्रद्धालु मंत्रमुग्ध होकर आस्था के सागर में डूबते नजर आए।
कथावाचक राजन महाराज ने कहा कि भगवान हमारे आसपास ही विद्यमान रहते हैं, लेकिन हम उन्हें देख नहीं पाते। इसका कारण यह है कि हमारा मन निर्मल नहीं होता। जब मन शुद्ध और निर्मल होगा, तब भगवान हमें सर्वत्र दिखाई देने लगेंगे। उन्होंने कहा कि मन को पवित्र बनाने के लिए प्रभु श्रीराम के नाम का जप और उनकी कथा का श्रवण करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि जब तक मन में भेदभाव रहेगा, तब तक हम भगवान की महिमा को अनुभव नहीं कर पाएंगे। शास्त्रों में भी उल्लेख है कि जब-जब अधर्म का बोलबाला बढ़ता है और भक्तों पर अत्याचार होता है, तब-तब भगवान अवतार लेकर धर्म की स्थापना करते हैं।
राजन महाराज ने बताया कि जब अयोध्या में भगवान श्रीराम ने पूर्ण अवतार लिया था, तब पूरी अयोध्यानगरी में मंगलमय वातावरण व्याप्त हो गया था। गलियां संवर गई थीं और पूरा वातावरण सुगंधित तथा पवित्र हो उठा था।
कथा के तीसरे दिन मुख्य यजमान के रूप में सुभाष प्रसाद और धर्मशिला देवी उपस्थित रहे। वहीं दैनिक यजमान के रूप में डॉ. राम इकबाल गुप्ता, डॉ. कंचन माला गुप्ता, डॉ. रामेश्वर सिंह, डॉ. सृष्टि सौम्या, डॉ. गणेश दत्त पाठक, रेखा पाठक, दीपक सिंह, रिंकी देवी, डॉ. अमरेश कुमार, डॉ. संध्या देवी, डॉ. सुशील कुमार तथा डॉ. रूपम सिंह मौजूद रहे।
कार्यक्रम में अतिथि के रूप में जिला बंदोबस्त पदाधिकारी सुजीत कुमार, सदर एसडीएम आशुतोष गुप्ता, उप समाहर्ता जूली कुमारी, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी शालू कुमारी, जिला श्रम पदाधिकारी सुधांशु शेखर पांडेय, जिला नेटवर्क अभियंता हिमांशु प्रकाश, गोविंद गुप्ता तथा किरण गुप्ता सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर