✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
तिलक समारोह के दौरान हुई फायरिंग, भांजे की हत्या से मचा हड़कंप
- मनोज कुमार सिंह ने नगर थाना में दर्ज कराई प्राथमिकी
- चार नामजद सहित पांच लोगों पर हत्या व फायरिंग का आरोप
- तिलक समारोह के दौरान सड़क विवाद से शुरू हुआ मामला
- पुलिस मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर अन्य की तलाश में जुटी
सिवान: नगर थाना क्षेत्र के आंदर ढाला स्थित कमला प्रेस के पास हुई फायरिंग और हत्या मामले में पूर्व एमएलसी सह कोऑपरेटिव बैंक अध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है। उन्होंने इस मामले में चार नामजद और एक अज्ञात सहित कुल पांच लोगों को आरोपी बनाया है।
दर्ज प्राथमिकी में मनोज कुमार सिंह ने बताया कि 29 अप्रैल को वे अपनी भांजी के तिलक (फलदान) कार्यक्रम में शामिल होने आंदर ढाला स्थित कमला प्रेस गए थे। इसी दौरान एक सफेद रंग की वेन्यू कार ने उनकी खड़ी गाड़ी में पीछे से टक्कर मार दी, जिसके बाद उनके बहनोई चंदन कुमार सिंह और भांजे हर्ष कुमार के साथ कार सवार युवकों का विवाद शुरू हो गया।
उन्होंने आरोप लगाया कि विवाद के दौरान कार से उतरे सोनू यादव, छोटू यादव, अंकित यादव उर्फ नितेश यादव, गुड्डू यादव समेत अन्य लोगों ने मिलकर हमला कर दिया। आरोप है कि सोनू यादव ने हथियार निकालकर उनके बहनोई चंदन कुमार सिंह को गोली मार दी और इसके बाद भांजे हर्ष कुमार को सीने में गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद सभी आरोपी कार से हुसैनगंज की ओर फरार हो गए। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई शुरू की और मुख्य आरोपी छोटू यादव को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया, जबकि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है।
पुलिस ने घटनास्थल से एक खोखा और एक जिंदा कारतूस भी बरामद किया है। पूरे मामले की जांच जारी है और पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

