✍परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ
भगवानपुर हाट थाना क्षेत्र के अरुआ गांव में मंगलवार की रात शादी समारोह में शामिल होने आए एक युवक की चाकू गोदकर हत्या कर दी गई, जबकि एक अन्य युवक घायल हो गया। मृतक की पहचान गोपालगंज जिले के बैकुंठपुर थाना क्षेत्र के हमीदपुर निवासी जगमोहन दुबे के पुत्र कुंदन कुमार के रूप में हुई है। घायल युवक जितेंद्र दुबे का पुत्र छोटू कुमार बताया गया है।
घटना के संबंध में बताया गया कि कुंदन कुमार अपने दोस्त छोटू कुमार के जीजा अजय तिवारी के घर अरुआ गांव में शादी समारोह में शामिल होने आया था। मंगलवार रात शादी के दौरान एक कार में सवार बदमाश मौके पर पहुंचे और कुंदन कुमार पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। बचाव के प्रयास में छोटू कुमार भी घायल हो गया।
ग्रामीणों और परिजनों ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां कुंदन की हालत गंभीर देख उसे सदर अस्पताल रेफर किया गया। रास्ते में हालत बिगड़ने पर कुंदन को बसंतपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना पर थानाध्यक्ष सुजीत कुमार चौधरी और एसआई अनिरुद्ध कुमार ने मौके पर पहुंचकर छानबीन शुरू की और शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। इस घटना से मृतक के परिजनों और गांव में शोक का माहौल है।

