विलासपुर में मारपीट मामले में दोनों पक्षों ने कराई प्राथमिकी, पुलिस कर रही जांच
✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
तिलक समारोह से लौटते समय मारपीट व लूटपाट का आरोप, दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर लगाया सोने की चेन छीनने का आरोप
भगवानपुर हाट (सिवान) : थाना क्षेत्र के विलासपुर गांव में दो जून को हुई मारपीट की घटना अब तूल पकड़ती नजर आ रही है। रविवार को दोनों पक्षों ने थाना में आवेदन देकर एक-दूसरे के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है।
पहले पक्ष के विलासपुर निवासी सूरज कुमार ने थाना में दिए आवेदन में आरोप लगाया है कि वह तिलक समारोह से लौट रहा था, तभी विलासपुर बाजार में श्रीकांत शर्मा, प्रकाश शर्मा और विकास शर्मा ने उसे रोका और मारपीट कर मोबाइल, कुछ रुपये एवं सोने की चेन छीन ली।
दूसरी ओर, रवींद्र शर्मा, जो उसी गांव के रहने वाले हैं, उन्होंने सूरज शर्मा और बृज किशोर साह पर मारपीट, दो हजार रुपये नकद और गले से सोने की चेन छीनने का आरोप लगाया है।
पुलिस ने दोनों पक्षों की प्राथमिकी दर्ज कर ली है और मामले की तथ्यात्मक जांच शुरू कर दी है। स्थानीय सूत्रों का कहना है कि दोनों पक्षों में पहले से तनाव की स्थिति थी, जो इस घटना में खुलकर सामने आ गई।
पुलिस का कहना है कि तथ्य और साक्ष्य के आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी। मामले की निष्पक्ष जांच के लिए दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।

