Explore

Search

May 31, 2026 11:58 pm

भगवानपुर हाट : भगवानपुर के युवक का इलाहाबाद के पास रेलवे लाइन पर शव बरामद, हत्या की आशंका

✍परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ

सीवान : भगवानपुर हाट थाना क्षेत्र के चोरमा टांडी निवासी सुदीश कुमार का शव शनिवार को इलाहाबाद-कानपुर रेलवे डिविजन के फतेहपुर रेलवे स्टेशन के पास रेलवे लाइन से बरामद किया गया। मृतक के जेब से मिले मोबाइल से पुलिस ने उसके स्वजनों को सूचना दी। खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया।

मृतक की पहचान हरिकिशोर यादव के पुत्र सुदीश कुमार के रूप में हुई। घटना की सूचना मिलने पर मृतक के पिता ने फतेहपुर पहुंचकर शव की पहचान की। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद सोमवार को स्वजनों को सौंप दिया। शव के घर पहुंचते ही स्वजनों के करुण क्रंदन से माहौल गमगीन हो गया।

मृतक के पिता ने बताया कि सुदीश डेढ़ माह पहले हरियाणा के सोनीपत जिले के कुंडली गांव में नौकरी करने गया था। गुरुवार को घर से रुपये की मांग पर उसने पैसा भेजने की बात कही थी, लेकिन उसके बाद से उसका मोबाइल बंद हो गया। शनिवार को पुलिस ने सूचना दी कि रेलवे स्टेशन के पास एक शव मिला है। परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और उसके हाथ पर बने टैटू से पहचान की।

परिजनों का आरोप है कि सुदीश की हत्या की गई है। पिता हरिकिशोर यादव ने बताया कि उसके सिर पर हमला कर और वाहन से चेहरा कुचल दिया गया, ताकि पहचान न हो सके। बाद में शव को रेलवे ट्रैक पर फेंक दिया गया। मृतक के चाचा अमरजीत यादव ने बताया कि उसका मोबाइल बिना सिम के मिला।

शव पहुंचने पर मृतक की मां सविता देवी और चाचा अमरजीत यादव सहित पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की खबर मिलने पर मुखिया प्रतिनिधि विभाकर पांडेय समेत ग्रामीण पहुंचे और शोकाकुल परिवार को ढांढ़स बंधाया।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर