Explore

Search

May 30, 2026 2:31 pm

भगवानपुर हाट: प्रेम विवाह के विवाद में धारदार हथियार से हमला, दो घायल

 

✍🏽परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ

सहसरांव गांव में पेट्रोल पंप के पास दो लोगों पर जानलेवा हमला, गांव में तनाव का माहौल

भगवानपुर हाट थाना क्षेत्र के सहसरांव गांव में प्रेम विवाह को लेकर उपजे सामाजिक तनाव ने हिंसक रूप ले लिया। गांव स्थित पेट्रोल पंप के समीप दो लोगों पर धारदार हथियार से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। घायलों की पहचान महम्मदा टोला निवासी सत्येंद्र सिंह एवं रवींद्र नाथ सिंह के रूप में हुई है। घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां से चिकित्सकों ने स्थिति गंभीर देखते हुए उन्हें सदर अस्पताल रेफर कर दिया।

जानकारी के अनुसार, गांव में एक युवक द्वारा पड़ोस की युवती से प्रेम विवाह करने के बाद से ही सामाजिक असहमति का वातावरण बना हुआ है। गांववासियों ने दोनों परिवारों से दूरी बना ली थी, जिससे लड़का पक्ष के लोग आक्रोश में थे। इसी पृष्ठभूमि में एक दिन पूर्व दोनों पक्षों के बीच विवाद भी हुआ था।

घटना उस वक्त हुई जब सत्येंद्र सिंह और रवींद्र नाथ सिंह भगवानपुर से अपने घर लौट रहे थे। सहसरांव गांव स्थित पेट्रोल पंप के समीप कुछ लोगों ने उन्हें घेरकर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमला इतनी तेजी से हुआ कि वे संभल भी नहीं सके।

घायल सत्येंद्र सिंह ने बताया कि उनके पड़ोसी युवक ने मोहल्ले की लड़की से प्रेम विवाह किया था, जिसे गांव के लोगों ने समाज विरोधी ठहराया। इसी को लेकर हमलावरों ने नाराजगी में इस घटना को अंजाम दिया।

इस घटना से गांव में तनाव का माहौल व्याप्त है। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और स्थिति पर निगरानी रखी जा रही है।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर