✍🏽 परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ
भगवानपुर हाट (सिवान): प्रखंड के बिठुना पंचायत अंतर्गत जुनेदपुर गांव स्थित दलित बस्ती में गुरुवार सुबह अचानक लगी आग में पांच घर जलकर राख हो गए। इस अगलगी में घरों में रखा अनाज, कपड़ा, बर्तन, बिस्तर समेत अन्य सामान जलकर खाक हो गया। सूचना पर पहुंची अग्निशमन टीम ने ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, आग लगने के कारणों का अब तक पता नहीं चल सका है।
बताया जाता है कि घटना के वक्त अधिकांश परिवार मजदूरी के लिए बाहर गए हुए थे। इसी दौरान आग लगी, जो पछुआ हवा के कारण तेजी से फैली और देखते ही देखते पांच घरों को अपनी चपेट में ले लिया। ग्रामीणों ने तत्काल अग्निशमन विभाग को सूचना दी और आग बुझाने में जुट गए।
मुखिया राजेंद्र सिंह, जिला पार्षद फजले अली, मुखिया प्रतिनिधि विकास कुमार सिंह घटनास्थल पर पहुंचे और बचाव कार्य में सहयोग किया। वहीं, ग्रामीणों ने जलमीनार के पानी से आग बुझाने का प्रयास किया। कुछ देर बाद बसंतपुर से पहुंची अग्निशमन वाहन ने ग्रामीणों के साथ मिलकर आग पर काबू पाया।
घटना की सूचना मिलते ही सीओ धीरज कुमार पांडेय ने हल्का कर्मचारी मिथुन कुमार को तत्काल जांच प्रतिवेदन सौंपने का निर्देश दिया। अग्नि प्रभावित परिवारों में गोरख राम, विक्रमा राम, संतोष राम, बुधन राम और शिवनाथ राम शामिल हैं। इनमें विक्रमा राम को सबसे अधिक नुकसान हुआ है।
इस भीषण अगलगी में करीब पांच लाख रुपये से अधिक की संपत्ति जलने का अनुमान है। घटना के बाद पीड़ित परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है।

