✍🏽परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ
खेत में खजूर के पेड़ पर चढ़े व्यक्ति की हादसे में गई जान, ग्रामीणों में शोक
भगवानपुर हाट थाना क्षेत्र के हुलेसरा गांव में रविवार को खजूर के पेड़ से गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और गांव में शोक का माहौल पसर गया। मृतक की पहचान गांव के शिवजनम राम के 40 वर्षीय पुत्र शैलेश राम उर्फ नामी राम के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शैलेश राम अपने खेत में स्थित खजूर के पेड़ की सफाई के लिए चढ़े थे, तभी अचानक पेड़ टूटकर गिर गया। पेड़ के नीचे दबने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जाता है कि जिस समय यह हादसा हुआ, उस समय कुछ बच्चे पास में खेल रहे थे। तेज आवाज सुनकर वे घटनास्थल की ओर दौड़े और शोर मचाने लगे। बच्चों के शोर सुनकर ग्रामीण भी वहां पहुंचे और पेड़ हटाकर घायल शैलेश राम को इलाज के लिए सदर अस्पताल ले जाने लगे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
मौत की सूचना मिलते ही स्वजनों में मातम पसर गया। पत्नी इंदु देवी, मां रुक्मणि देवी, पुत्र विकास कुमार, विक्की कुमार और पुत्री कल्पना कुमारी समेत पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल था। आसपास के ग्रामीण स्वजनों को सांत्वना देने पहुंचे। घटना की जानकारी मिलते ही मुखिया राजेश्वर साह, सरपंच परशुराम सिंह और पूर्व मुखिया जयशंकर भगत भी मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया।