भगवानपुर हाट : आर्यन और मनीष के अग्निवीर में चयन से खुशी का माहौ
✍🏽परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ
देश सेवा में जुड़ने पर स्वजनों में हर्ष, क्षेत्रवासियों ने दी शुभकामनाएं
भगवानपुर हाट (सीवान): प्रखंड के पिपरहियां निवासी जयलाल साह के पुत्र आर्यन कुमार और महम्मदपुर के हेमनारायण यादव के पुत्र मनीष कुमार का भारतीय सेना के अग्निवीर भर्ती में चयन होने पर परिवार और गांव में खुशी की लहर है। स्वजनों ने गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि अब उनके बेटे देश की सेवा करेंगे, जो उनके लिए सम्मान की बात है।
जयलाल साह, जो भगवानपुर बाजार में चाय की दुकान चलाते हैं, ने कठिन परिस्थितियों के बावजूद अपने बेटे को पढ़ाने का काम किया। वहीं, हेमनारायण यादव पशुपालन और खेती-बाड़ी से अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। दोनों युवाओं के परिवारों ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त की और गांववासियों ने मिठाइयां बांटकर खुशी मनाई।
आर्यन और मनीष ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, गुरुजनों और मित्रों को दिया है। उन्होंने कहा कि उनका सपना सेना में जाकर देश की सेवा करना था, जो अब पूरा हो गया।
इनकी सफलता पर पूर्व मुखिया मनोज सहनी, जिला पार्षद सुशील कुमार डब्ल्यू, सुरेंद्र साह, मोतीलाल साह सहित कई लोगों ने शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

