✍🏽 परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ
जुनेदपुर अगलगी कांड में विक्रमा राम और गोरख राम को 12-12 हजार रुपये की सहायता
सीवान : प्रखंड क्षेत्र के बिठुना पंचायत के जुनेदपुर गांव में गुरुवार को हुई अगलगी की घटना में जले घरों के पीड़ितों को प्रशासन की ओर से अनुग्रह अनुदान राशि दी गई। शुक्रवार को अंचलाधिकारी (सीओ) धीरज कुमार पांडेय ने हल्का कर्मचारी की जांच रिपोर्ट के आधार पर दो अग्निपीड़ित परिवारों को प्रति परिवार 12-12 हजार रुपये का चेक प्रदान किया।
सीओ ने बताया कि अगलगी में विक्रमा राम एवं गोरख राम का आवासीय घर जलकर नष्ट हो गया था, जिसके लिए उन्हें आर्थिक सहायता दी गई है। इसके अलावा, अग्निकांड में तीन अन्य गैर-आवासीय संरचनाएं भी जल गई थीं, जिनमें बुधन राम, संतोष राम और शिवनाथ राम के घर शामिल थे। प्रशासन द्वारा सभी प्रभावित परिवारों को तात्कालिक राहत के तौर पर प्लास्टिक तिरपाल उपलब्ध करा दिया गया है।
गौरतलब है कि गुरुवार को लगी आग में पांच घर जलकर राख हो गए थे, जिससे पीड़ित परिवारों को भारी नुकसान हुआ था। घटना के बाद सीओ के निर्देश पर हल्का कर्मचारी ने स्थल का निरीक्षण कर रिपोर्ट तैयार की थी, जिसके आधार पर पात्र लाभार्थियों को आर्थिक सहायता दी गई। प्रशासन ने अन्य प्रभावितों की भी हरसंभव मदद का आश्वासन दिया है।

