✍🏽 परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ
बसंतपुर (सिवान): थाना क्षेत्र के सिवान-मलमलिया एनएच 227ए पर शहरकोला बाजार के समीप सोमवार को हुए सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि एक वृद्ध गंभीर रूप से घायल हो गया।
मृतक और घायल की पहचान
मृतक की पहचान लकड़ी नबीगंज थाना क्षेत्र के जलालपुर निवासी कृष्णा महतो के पुत्र राजू कुमार के रूप में हुई, जबकि घायल व्यक्ति बसंतपुर थाना क्षेत्र के लहेजी निवासी भिखारी राय बताए जा रहे हैं।
कैसे हुआ हादसा?
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शहरकोला बाजार के समीप एक तेज रफ्तार बाइक सवार युवक ने सड़क पर चल रहे वृद्ध को जोरदार टक्कर मार दी जिससे वे वहीं गिर पड़े। इसी दौरान बाइक अनियंत्रित होकर सड़क से गुजर रहे एक बड़े वाहन से टकरा गई, जिससे बाइक सवार राजू कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं, टक्कर मारने वाला वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
प्रशासन की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।
राजू कुमार को मृत घोषित किया गया
सदर अस्पताल के चिकित्सकों ने राजू कुमार को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल वृद्ध भिखारी राय का इलाज जारी है। इधर, घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के स्वजनों में कोहराम मच गया और परिवार में शोक का माहौल व्याप्त हो गया।

