✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
बसंतपुर पुलिस, एसटीएफ और जिला सूचना इकाई की संयुक्त कार्रवाई
- सुर्यपूरा कंटा के पास आम बगीचा से चार बदमाश गिरफ्तार
- ट्रक और चारपहिया वाहन लूटने की बना रहे थे योजना
- पुलिस ने पिस्टल, मैगजीन और पांच जिंदा कारतूस किया बरामद
- गिरफ्तार राजदेव महतो का आपराधिक इतिहास होने की बात सामने आई
सिवान : बसंतपुर थाना की पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर थाना क्षेत्र के सुर्यपूरा कंटा के समीप लूट की योजना बना रहे चार बदमाशों को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार अपराधियों की पहचान बसंतपुर थाना क्षेत्र के हरायपुर निवासी राजदेव महतो, गोपालगंज जिले के महम्मदपुर थाना क्षेत्र के रमपुरवा निवासी मैनुद्दीन मियां उर्फ गुड्डू, समसुद्दीन अंसारी उर्फ बल्लू तथा पश्चिम चंपारण (बेतिया) जिले के बैरिया थाना क्षेत्र के भितहा बगही निवासी रंजीत नट के रूप में हुई है।
पुलिस ने इनके पास से एक पिस्टल, एक मैगजीन, पांच जिंदा कारतूस सहित अन्य सामान बरामद किया है।
इस संबंध में पुलिस अधीक्षक Puran Kumar Jha ने बताया कि 23 मई की रात गुप्त सूचना मिली थी कि बसंतपुर थाना क्षेत्र के ग्राम सुर्यपूरा कंटा स्थित गौरीशंकर ठाकुर के आम बगीचा में चार से पांच व्यक्ति हथियार के साथ ट्रक या चारपहिया वाहन लूटने की योजना बना रहे हैं।
सूचना मिलते ही बसंतपुर थाना पुलिस, जिला सूचना इकाई एवं एसटीएफ की संयुक्त टीम ने छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान चार अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया गया। तलाशी के क्रम में इनके पास से हथियार और कारतूस बरामद किए गए।
एसपी ने बताया कि इस मामले में बसंतपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने यह भी बताया कि गिरफ्तार राजदेव महतो का आपराधिक इतिहास रहा है।

