Explore

Search

April 30, 2026 7:58 pm

बसंतपुर : रामनवमी मेले से नाबालिग छात्रा को फुसलाकर स्कूल ड्राइवर ने किया दुष्कर्म

✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ

जिले के बसंतपुर थाना क्षेत्र के एक गाँव में शुक्रवार की शाम एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। रामनवमी मेले की खुशियों के बीच एक दरिंदे ने 12 वर्षीय नाबालिग छात्रा को अपनी हवस का शिकार बनाया।आरोपी सवाली कुमार यादव, पिता स्व. लक्ष्मी राय, साकिन सूर्यपुरा, थाना बसंतपुर, जिला सीवान को बसन्तपुर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई में गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी उसी निजी स्कूल का बस ड्राइवर बताया जा रहा है जहाँ पीड़िता पढ़ाई करती है।

​मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार शाम करीब 7 बजे पीड़िता अपने परिवार के साथ मेला देखने गई थी। इसी दौरान स्कूल बस चालक ने छात्रा को विश्वास में लिया और झूठ बोला कि “तुम्हारे जीजा मेले में दुकान लगाए हैं और तुम्हें बुला रहे हैं।” मासूम बच्ची उसकी बातों में आकर साथ चल दी। आरोपी उसे जीजा के पास ले जाने के बजाय पास के ही एक सुनसान स्कूल में ले गया और वहां उसके साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम देकर फरार हो गया।

​काफी देर तक जब बच्ची वापस नहीं लौटी, तो परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की। छात्रा के जीजा ने बाइक से तलाश करते हुए उसे स्कूल के पास एक सुनसान जगह पर रोते हुए पाया। घर ले जाने पर परिजनों ने देखा कि बच्ची के कपड़े खून से भीगे हुए थे। दादी के पूछने पर पीड़िता ने आपबीती सुनाई, जिसके बाद पूरे इलाके में आक्रोश फैल गया।

​घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों और परिजनों ने बसंतपुर थाने से संपर्क किया। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल छापेमारी की और आरोपी स्कूल ड्राइवर को दबोच लिया। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है। वहीं, पीड़िता की स्थिति नाजुक बनी हुई है और उसे बेहतर इलाज के लिए रात में ही सीवान सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

​स्कूल के ही कर्मचारी द्वारा इस तरह के जघन्य अपराध को अंजाम दिए जाने से अभिभावकों और स्थानीय निवासियों में गहरा रोष है। लोग आरोपी के खिलाफ कड़ी से कड़ी सजा की मांग कर रहे हैं ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर अंकुश लग सके।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर