✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
बसंतपुर के गांधी आश्रम में आयोजित कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, मौलाना, शायर और स्थानीय लोग बड़ी संख्या में हुए शामिल
- बसंतपुर नगर पंचायत के गांधी आश्रम में रमजान मिलन समारोह का आयोजन
- जनप्रतिनिधियों ने फीता काटकर किया कार्यक्रम का उद्घाटन
- उलेमाओं और शायरों ने कौमी एकता व भाईचारे का दिया संदेश
- बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों की रही भागीदारी
जिले के बसंतपुर नगर पंचायत स्थित गांधी आश्रम में रमजान मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत पूर्व प्रखंड प्रमुख रेणु देवी, गांधी आश्रम के भूमि दाता स्व. सूथरा कुंवर के परिजन रेखा गुप्ता तथा जिला पार्षद फ़ज़ले अली ने संयुक्त रूप से फीता काटकर की।
इसके बाद मंच पर जदयू के प्रदेश उपाध्यक्ष सह पूर्व मुखिया संदेश महतो, भाजपा नेता दारा सिंह और जदयू नेता मुर्तुजा अली पैगाम ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का औपचारिक उद्घाटन किया। कार्यक्रम का संचालन भाजपा प्रकोष्ठ के ओम प्रकाश गुप्ता ने किया, जबकि आयोजन रामखेलावन तिवारी उर्फ राजेश कुमार तिवारी के नेतृत्व में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में आराध्या कोचिंग सेंटर के सुभाष कुमार और रत्नेश कुमार, द रॉयल इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल लखनौरा के डायरेक्टर सह मुखिया फिरोज आलम, डॉ. नसीम अख्तर, डॉ. वज़हुल कमर सहित जिले के प्रमुख शायर, मौलाना और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत आराध्या कोचिंग सेंटर के छात्र-छात्राओं के संबोधन से हुई, जिसमें उन्होंने अंग्रेजी में रमजान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए लोगों को बुराइयों से दूर रहने की सलाह दी।
मौलाना नूरुद्दीन अंसारी ने अपने संबोधन में कहा कि रमजान मिलन समारोह हिंदू-मुस्लिम एकता और सामाजिक भाईचारे का संदेश देता है। वहीं मौलाना अजहर सिवानी ने कौमी एकता पर मशहूर नज्म “सारे जहां से अच्छा हिंदुस्तान हमारा” प्रस्तुत की।
मुफ्ती अब्दुल कादिर नईमी ने कुरान, रामायण और वेद के संदर्भों के माध्यम से कहा कि सभी धर्म इंसान को प्रेम, शांति और भाईचारे का संदेश देते हैं तथा सभी का ईश्वर एक ही है।
इस अवसर पर भूमि दाता परिवार की सदस्य रेखा गुप्ता ने कहा कि समाज में आपसी एकता और सौहार्द बनाए रखना बेहद जरूरी है।
कार्यक्रम का समापन महाराजगंज विधानसभा के संभावित प्रत्याशी राजकिशोर गुप्ता और मंसूर आलम ने किया। इस मौके पर म. युसुफ उर्फ बबलू, अवध किशोर सिंह, दरवेश आलम, जावेद आलम, मौलाना हबीबुर रहमान, मौलाना नेहालुद्दीन, साहिल हुसैन तथा नगर पंचायत के राजद अध्यक्ष मैनुद्दीन अंसारी समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

