Explore

Search

May 30, 2026 11:29 pm

बसंतपुर : तेज रफ्तार स्कार्पियो पेड़ से टकराई, मां-बेटी की मौत

✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ

बसंतपुर के गांधी आश्रम के समीप हादसा, इलाज के दौरान दो महिलाओं ने तोड़ा दम


• बसंतपुर में तेज रफ्तार स्कार्पियो पेड़ से टकराई।
• हादसे में मां-बेटी की मौत, तीन अन्य घायल।
• जिला मुख्यालय इलाज के लिए जा रहा था परिवार।
• दिसंबर में होने वाली थी मृतका अफसाना की शादी।

बसंतपुर (सिवान) : प्रखंड मुख्यालय स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 227ए के किनारे गांधी आश्रम के समीप गुरुवार की देर रात एक तेज रफ्तार स्कार्पियो अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। हादसे में मां-बेटी की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

मृतकों की पहचान भगवानपुर हाट थाना क्षेत्र के हिलसड़ (इक्यावन) गांव निवासी आफताब आलम की पत्नी हजारा खातून (65) तथा उनकी पुत्री अफसाना खातून (25) के रूप में हुई है। दोनों ने इलाज के दौरान सदर अस्पताल में दम तोड़ दिया।

जानकारी के अनुसार हजारा खातून को पेशाब संबंधी बीमारी थी और उनका इलाज जिला मुख्यालय में चल रहा था। गुरुवार की शाम अचानक पेट के निचले हिस्से में तेज दर्द शुरू होने के बाद परिजन उन्हें स्कार्पियो से सिवान ले जा रहे थे। इसी दौरान बसंतपुर स्थित गांधी आश्रम के समीप चालक पप्पू कुमार वाहन से नियंत्रण खो बैठा और स्कार्पियो सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई।

हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकाला। घायल हजारा खातून, अफसाना खातून, आजाद अली, तारिक अनवर तथा चालक पप्पू कुमार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बसंतपुर पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी को सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। जहां इलाज के दौरान मां-बेटी की मौत हो गई।

घटना में स्कार्पियो भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। चिकित्सकों के अनुसार अन्य घायलों का इलाज जारी है।

**शव गांव पहुंचते ही मचा कोहराम**

भगवानपुर हाट थाना क्षेत्र के ब्रह्मस्थान पंचायत अंतर्गत हिलसड़ इक्यावन टोला गांव में शुक्रवार को मां-बेटी का शव पहुंचते ही कोहराम मच गया। एक साथ दो मौतों की खबर से पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसर गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण मृतकों के घर पहुंचे और शोकाकुल परिजनों को ढांढस बंधाया।

परिजनों ने बताया कि अफसाना खातून की शादी इसी वर्ष दिसंबर माह में तय थी और परिवार विवाह की तैयारियों में जुटा था। शादी से पहले हुई इस दर्दनाक घटना ने पूरे परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर