कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने घायल व्यवसायी से की मुलाकात, डॉ. एहतेशाम अहमद ने की कड़ी कार्रवाई की मांग
✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
बसंतपुर गोलीकांड के बाद कांग्रेस नेता ने अस्पताल पहुंचकर जाना हाल, बोले– व्यवसायियों की सुरक्षा पर सरकार विफल
बसंतपुर (सीवान): बसंतपुर बाजार में व्यवसायी चुटकुला प्रसाद पर 9 जुलाई को हुए गोलीकांड के बाद राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। शुक्रवार को कांग्रेस नेता एवं प्रदेश प्रतिनिधि डॉ. ख्वाजा एहतेशाम अहमद के नेतृत्व में कांग्रेस का एक प्रतिनिधिमंडल घायल व्यवसायी से मिलने पहुंचा। यह घटना महाराजगंज अनुमंडल अंतर्गत गोरियाकोठी विधानसभा क्षेत्र की बताई जा रही है।
डॉ. एहतेशाम ने घायल व्यवसायी की स्थिति की जानकारी ली और उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की। उन्होंने कहा कि यह घटना बेहद निंदनीय है और इससे जिले में अपराधियों के हौसले बुलंद होने का संकेत मिलता है।
डॉ. एहतेशाम ने महाराजगंज डीएसपी से फोन पर बात कर मामले में त्वरित कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि अपराधियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई हो, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
प्रतिनिधिमंडल में डॉ. जय शंकर, जुबेर खान, अजीत कुमार, अशफाक अहमद, अनूप यादव, मोहम्मद कैफ, दीपक राम सहित कई नेता मौजूद थे। सभी ने घायल व्यवसायी से मिलकर एकजुटता जताई और इस वारदात के प्रति आक्रोश प्रकट किया।
डॉ. एहतेशाम ने कहा कि व्यवसायियों की सुरक्षा सरकार की जिम्मेदारी है, लेकिन हालिया घटनाएं बताती हैं कि प्रदेश सरकार इस मोर्चे पर विफल साबित हो रही है। उन्होंने मांग की कि सरकार व्यवसायियों की सुरक्षा के लिए विशेष अभियान चलाए और ऐसे असामाजिक तत्वों पर लगाम लगाए।