✍🏽परवेज़ अख़्तर/एडिटर इन चीफ
नौवीं कक्षा के छात्र की करंट लगने से हुई मौत, परिजनों में कोहराम
बसंतपुर (सीवान): प्रखंड मुख्यालय स्थित बसंतपुर बाजार में शनिवार को करंट लगने से एक 15 वर्षीय छात्र की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान बसंतपुर निवासी मुकेश प्रसाद के पुत्र प्रकाशवीर के रूप में हुई। वह कक्षा नौवीं का छात्र था। हादसे के बाद स्वजनों में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, प्रकाशवीर शनिवार को घर में किसी काम में व्यस्त था, तभी अचानक वह धारा प्रवाहित विद्युत तार की चपेट में आ गया। करंट लगते ही वह बेहोश होकर गिर पड़ा। परिजनों ने आनन-फानन में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही विद्युत विभाग की टीम घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। प्रकाशवीर की असमय मृत्यु से पूरा परिवार गहरे सदमे में है। पड़ोसियों ने बताया कि वह पढ़ाई में अच्छा था और आगे की परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था।
मुख्य पार्षद अमित कुमार ने विद्युत विभाग के जेई से मृतक के परिजनों को नियमानुसार मुआवजा दिलाने की मांग की है। इस घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।