✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
- भाकपा-माले की सात सदस्यीय जांच टीम ने शिवराजपुर पहुंचकर पीड़ित परिवार से मुलाकात की।
- टीम ने घटना को शर्मनाक बताते हुए दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।
- 2 जून को बड़हरिया में प्रतिवाद कार्यक्रम आयोजित करने की घोषणा।
- अल्पसंख्यक आयोग ने भी मामले में एसपी से कार्रवाई रिपोर्ट तलब की है।
पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए संघर्ष तेज करने की चेतावनी
सिवान : बड़हरिया थाना क्षेत्र के शिवराजपुर साईं टोला निवासी शहजाद अली की मौत के मामले में भाकपा-माले की सात सदस्यीय जांच टीम सोमवार को गांव पहुंची और पीड़ित परिवार से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली। जांच के बाद माले नेताओं ने घटना को शर्मनाक बताते हुए दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की तथा 2 जून को बड़हरिया में प्रतिवाद कार्यक्रम आयोजित करने की घोषणा की।
जांच टीम में भाकपा-माले के जिला सचिव इंद्रजीत चौरसिया, राज्य कमेटी सदस्य विकास यादव, जिला कमेटी सदस्य कुंती यादव, रमाशंकर चौरसिया, महेश सिंह, गुड्डू मिश्रा तथा मुन्ना यादव शामिल थे। टीम ने घटना स्थल का भी निरीक्षण किया।
खुरमाबाद स्थित माले जिला कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में नेताओं ने कहा कि शिवराजपुर निवासी शहजाद अली की कथित रूप से पीट-पीटकर हत्या की गई। उन्होंने कहा कि मृतक अपने पीछे पत्नी और चार छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं। माले नेताओं ने आरोप लगाया कि कानून व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक है और दोषियों के विरुद्ध शीघ्र कार्रवाई आवश्यक है।
माले नेताओं ने कहा कि घटना की निष्पक्ष जांच कर सभी दोषियों को अविलंब गिरफ्तार किया जाना चाहिए। इसी मांग को लेकर 2 जून को बड़हरिया में प्रतिवाद कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
इधर, मामले ने नया मोड़ तब ले लिया जब बिहार राज्य अल्पसंख्यक आयोग ने भी इस घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक, सिवान से कार्रवाई रिपोर्ट मांगी। आयोग ने अपने पत्र में उपलब्ध तथ्यों के आधार पर मामले को प्रथम दृष्टया मॉब लिंचिंग की घटना बताया है और दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।
गौरतलब है कि मृतक की पत्नी मोबीना खातून द्वारा दर्ज कराई गई प्राथमिकी में अमित चौधरी, प्रमोद मांझी, धठु मांझी, अवधकिशोर चौधरी, गुड्डू मांझी, राजन चौधरी और मंटू कुमार सहित आठ नामजद तथा 8 से 10 अज्ञात लोगों को आरोपित बनाया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

