Explore

Search

June 3, 2026 11:28 pm

बड़हरिया : शहजाद अली हत्याकांड में बड़ी कार्रवाई, डायल-112 के पुलिस अधिकारी निलंबित,दो गृहरक्षक पर गाज

✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ

शहजाद अली हत्याकांड में पुलिस अधीक्षक की बड़ी कार्रवाई


  • शहजाद अली हत्याकांड की समीक्षा के बाद कार्रवाई
  • डायल-112 पर तैनात पुअनि. संजीव कुमार निलंबित
  • दो गृहरक्षकों के अनुबंध निरस्तीकरण का प्रस्ताव
  • बड़हरिया थानाध्यक्ष से 24 घंटे में स्पष्टीकरण तलब

सिवान। बड़हरिया थाना क्षेत्र के शिवराजपुर गांव में युवक शहजाद अली की हत्या से जुड़े मामले में पुलिस अधीक्षक सिवान ने बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की है। कर्तव्य में लापरवाही और पुलिस दायित्वों के निर्वहन में गंभीर त्रुटि पाए जाने पर डायल-112 पर तैनात पुलिस पदाधिकारी पुअनि. संजीव कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। वहीं दो गृहरक्षकों के विरुद्ध अनुबंध निरस्तीकरण की कार्रवाई की अनुशंसा की गई है।

पुलिस अधीक्षक कार्यालय द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार बड़हरिया थाना कांड संख्या-230/26 में शहजाद अली की हत्या से संबंधित घटना की समीक्षा की गई। जांच में यह तथ्य सामने आया कि 30 मई 2026 को डायल-112 पर तैनात पुअनि. संजीव कुमार को शिवराजपुर गांव में एक कथित चोर को ग्रामीणों द्वारा पकड़कर रखने की सूचना मिली थी।

आरोप है कि सूचना मिलने पर पुलिस पदाधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे, लेकिन युवक को भीड़ के कब्जे से मुक्त कर सुरक्षित अभिरक्षा में लेने तथा आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने के बजाय उसे वहीं छोड़कर चले गए। इसके बाद ग्रामीणों द्वारा कथित रूप से युवक के साथ मारपीट की गई, जिससे उसकी मौत हो गई।

घटना के समय डायल-112 वाहन में गृहरक्षक संख्या-6280 नन्दजी यादव और गृहरक्षक संख्या-5931 मुक्तिनाथ की भी ड्यूटी लगी हुई थी। प्रारंभिक जांच में पुलिस टीम के कर्तव्य निर्वहन में लापरवाही, अनुशासनहीनता और गंभीर त्रुटि सामने आने के बाद पुलिस अधीक्षक ने पुअनि. संजीव कुमार को निलंबित कर उनका मुख्यालय पुलिस केन्द्र, सिवान निर्धारित किया है।

इसके अतिरिक्त दोनों गृहरक्षकों के विरुद्ध अनुबंध निरस्त करने की कार्रवाई हेतु जिला पदाधिकारी, सिवान को प्रतिवेदन भेजा गया है। वहीं इस पूरे मामले में पुअनि. छोटन कुमार, थानाध्यक्ष बड़हरिया थाना से 24 घंटे के भीतर स्पष्टीकरण मांगा गया है।

पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया है कि कर्तव्य के प्रति किसी भी प्रकार की लापरवाही, शिथिलता या अनुशासनहीनता को किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे मामलों में कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Samay Siwan
Author: Samay Siwan

लाइव क्रिकेट स्कोर