✒️ परवेज अख्तर / एडिटर इन चीफ
SIT की कार्रवाई तेज, अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी
- शहजाद अली हत्याकांड में पुलिस ने चार और आरोपितों को गिरफ्तार किया।
- अब तक कुल पांच अभियुक्तों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
- मामले में सात नामजद एवं अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज है।
- शेष आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
सिवान। बड़हरिया थाना क्षेत्र के शिवराजपुर गांव में 30 मई 2026 को हुई शहजाद अली हत्याकांड मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सिवान पुलिस ने घटना में संलिप्त चार और अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। इसके साथ ही इस मामले में अब तक कुल पांच आरोपितों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि अन्य फरार अभियुक्तों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय, सिवान द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 30 मई को शिवराजपुर निवासी शहजाद अली, पिता कयामुद्दीन शाह, की हत्या की सूचना मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर-01 तथा एफएसएल टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए थे।
इस मामले में बड़हरिया थाना कांड संख्या 230/26 दर्ज किया गया है, जिसमें सात नामजद एवं अन्य अज्ञात लोगों को अभियुक्त बनाया गया है। घटना के शीघ्र उद्भेदन के लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर-01 के नेतृत्व में विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया था।
पुलिस के अनुसार तकनीकी जांच एवं मानवीय सूचना के आधार पर पहले एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया था। आगे की जांच के दौरान चार अन्य आरोपितों को भी गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस का कहना है कि शेष आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है।
सिवान पुलिस ने दावा किया है कि मामले में सभी आवश्यक साक्ष्य एकत्रित कर दोषियों के विरुद्ध स्पीडी ट्रायल चलाया जाएगा तथा उन्हें कठोर सजा दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी भ्रामक या अपुष्ट सूचना पर विश्वास न करें और न ही उसे प्रसारित करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या घटना की जानकारी तत्काल नजदीकी थाना, पुलिस नियंत्रण कक्ष हेल्पलाइन नंबर 9031683607 अथवा डायल-112 पर दें।

